शहर

Sultanpur News: सगी बहनों से छेड़खानी के आरोपी का पुलिस से सामना, दोनों ओर से चली गोलियां

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में दो सगी बहनों से छेड़खानी करने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि पीड़ित बहनें सामान लेकर घर लौट रही थीं, तभी सुनसान इलाके में बिजली गुल होने का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

Image

सांकेतिक फोटो-Istock

सुलतानपुर : जिले में दो सगी बहनों से छेड़खानी करने के आरोपी को पुलिस ने बुधवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बृहस्पतिवार को बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह ने बताया कि यह घटना कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अमहट स्थित हवाई पट्टी इलाके की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि छेड़खानी का आरोपी हवाई पट्टी के पास मौजूद है। इसके बाद जनपदीय एसओजी और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मारी गोली

सिंह के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सगी बहनों के साथ छेड़खानी का था आरोप

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहम्मद आसिफ (27), निवासी शास्त्री नगर, थाना कोतवाली नगर के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि उसने 9 जून को दो सगी बहनों के साथ छेड़खानी की थी। पीड़ित बहनें सामान लेकर घर लौट रही थीं, तभी सुनसान इलाके में बिजली गुल होने का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी के पास से मिली ये चीजें

इस मामले में कोतवाली नगर थाने में पहले से ही अभियोग दर्ज था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस उससे जुड़े तमाम पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article