शहर

Gujarat: कच्छ में टला बड़ा हादसा; चलती बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

शनिवार की रात कच्छ में जैसलमेर जैसा हादसा होते होते टला। सूरजबारी-सामखियाली नेशनल हाइवे पर बीती देर रात एक निजी यात्री बस में भीषण आग लग गई। सभी यात्रियों ने समय रहते बस से उतरकर अपनी जान बचा ली, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना हमें हाल ही में राजस्थान के जैसलमेर में हुई एक दुखद बस दुर्घटना की याद दिलाती है, जहां एक बस में आग लगने से 24 लोगों की जान चली गई थी।

Image

धू-धू कर जलती बस

Photo : Times Now Digital

Kachchh Bus Fire: गुजरात के कच्छ जिले में बीती देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। सूरजबारी-सामखियाली नेशनल हाइवे पर एक निजी यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा शिकारपुर चौकड़ी के पास हुआ, जहां बस कुछ ही मिनटों में आग की लपटों से घिर गई। खुशकिस्मती से, सभी यात्रियों ने समय रहते बस से उतरकर अपनी जान बचा ली। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।

बुलंदशहर में भी लगी बस में आग

एक ऐसा ही हादसा बुलंदशहर में भी हुआ। नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक निजी बस में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। बस गौतमबुद्ध नगर से हरदोई जा रही थी और उसमें करीब 70 से 80 यात्री सवार थे।

आग लगते ही यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। यह हादसा खुर्जा थाना क्षेत्र के आयुर्वेदिक महाविद्यालय के पास हुआ। इस हादसे में भी किसी के हताहत होने या बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

जैसलमेर में भी हुआ था भयानक हादसा

हाल ही में जैसलमेर में भी एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ था। इस भीषण बस दुर्घटना में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में जलकर मारे गए सभी शवों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने बस चालक शौकत और बस मालिक तुरब अली को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जांच के दौरान पुलिस ने बस को मॉडिफाई करने वाली फर्म जैनम कोच क्राफ्ट वर्कशॉप और जैन ट्रैवल्स के मालिक मनीष जैन को भी हिरासत में ले लिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article