Mumbai Pune Train Suspended: महाराष्ट्र में जारी मूसलाधार बारिश आफत का सबब बनती जा रही है। भारी बारिश के चलते सोमवार तड़के मुंबई-पुणे रेल मार्ग के बेहद दुर्गम और व्यस्त कर्जत-लोनावला भोर घाट (खंडाला घाट) सेक्शन में कई जगहों पर भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें पटरियों पर गिरने की वजह से इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) स्वप्निल नीला ने बताया कि पहला लैंडस्लाइड घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी के पास हुआ। इसके तुरंत बाद, तड़के करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल के बीच मिडिल (मध्य) लाइन पर भी एक और भूस्खलन की सूचना मिली। इस दोहरे हादसे के कारण रूट की तीनों मुख्य लाइनें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिसके बाद प्रशासन को आपातकालीन कदम उठाने पड़े हैं।
तीनों ट्रैक ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द
भोर घाट सेक्शन बेहद चुनौतीपूर्ण और तीन पटरियों वाला मार्ग है, जिसमें अप लाइन (मुंबई की ओर), डाउन लाइन (पुणे की ओर) और एक मिडिल लाइन शामिल है। स्वप्निल नीला के मुताबिक, कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मुंबई डिवीजन की अप मेन लाइन पर ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच मिट्टी और चट्टानें खिसक आईं।
सुरक्षा के लिहाज से रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को पूरी तरह रद्द, डायवर्ट या रास्ते में ही रोकने का फैसला कर दिया है।
ये ट्रेनें हुईं रद्द:
सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस (CSMT-Pune Indrayani Express)
इंटरसिटी एक्सप्रेस (Intercity Express)
डेक्कन एक्सप्रेस (Deccan Express)
डेक्कन क्वीन (Deccan Queen)
प्रगति एक्सप्रेस (Pragati Express)
धुले एक्सप्रेस (Dhule Express)
पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस (Pune-CSMT Sinhagad Express)
इसके अलावा कई अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं, कुछ को उनके निर्धारित स्टेशन से पहले ही समाप्त या शुरू किया जा रहा है, और कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की नवीनतम स्थिति की जांच कर लें। सेंट्रल रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के लिए 022-22694040, ठाणे के लिए 9321336747, लोणावला के लिए 8356854238 और दादर के लिए 9136452387 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
हालात पर रेल मंत्री का आया बयान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई–पुणे घाट खंड में रेलवे पटरियों पर भारी भूस्खलन और चट्टानें गिरने से पैदा हुए हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बहाली कार्य के लिए पूरी टीम पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि आज भी भारी बारिश होने की आशंका है। इसके मद्देनजर उन्होंने पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे के अधिकारियों को एक टीम की तरह मिलकर काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
