शहर

Pune: तड़के 3:30 बजे पब पर क्राइम ब्रांच का छापा, बिना परमिशन चल रही थी पार्टी; मैनेजमेंट से जुड़े 8 लोगों पर शिकंजा

पुणे के विमान नगर स्थित दि हौज कम्यून बार एंड ईटरी में देर रात 3:30 बजे क्राइम ब्रांच ने बिना अनुमति चल रही पार्टी पर छापेमारी की। नियम उल्लंघन मामले में मैनेजमेंट के 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Image

क्राइम ब्रांच ने की गुपचुप रेड

Photo : Times Now Digital

Pune News: विमान नगर के एरो मॉल स्थित 'दि हौज कम्यून- बार एंड ईटरी' पर क्राइम ब्रांच ने तड़के करीब साढ़े तीन बजे बड़ी कार्रवाई की। देर रात तक पब के संचालन और बिना अनुमति पार्टी आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पब प्रबंधन में हड़कंप मच गया। ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच के करीब 25 अधिकारी शामिल थे। पूरी कार्रवाई को इस तरह से अंजाम दिया गया कि पब प्रबंधन को इसकी भनक पहले से न लग सके। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि देर रात तक पब किसकी अनुमति और जिम्मेदारी पर चल रहा था और पार्टी के आयोजन में कौन-कौन लोग शामिल थे।

पुलिस उपायुक्त क्राइम ब्रांच गौहर हसन ने कहा, “यह लाइसेंस के उल्लंघन का मामला है। देर रात तक यह पब चालू था और पार्टी के लिए किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। विमान नगर के एरो मॉल स्थित दि हौज कम्यून- बार एंड ईटरी के संबंध में रात करीब साढ़े तीन बजे क्राइम ब्रांच की ओर से कार्रवाई की गई। इसमें क्राइम ब्रांच के 25 अधिकारी शामिल थे।” गौहर हसन ने आगे कहा, करीब 8 लोगों को आरोपी बनाया जाएगा, जो मैनेजमेंट से जुड़े हुए हैं।”

पुलिस के इस बयान के बाद अब मामले की जांच का फोकस पब के मैनेजमेंट और संचालन से जुड़े लोगों पर है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पार्टी के लिए आवश्यक अनुमति क्यों नहीं ली गई और निर्धारित समय के बाद भी पब का संचालन किसके निर्देश पर जारी था। क्राइम ब्रांच की अचानक हुई कार्रवाई ने ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालकों की चिंता बढ़ा दी है, जहां नियमों की अनदेखी कर देर रात तक गतिविधियां जारी रहती हैं।

फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मैनेजमेंट से जुड़े करीब 8 लोगों को आरोपी बनाए जाने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article