Mumbai Rain News: मानसूनी बारिश के नए दौर ने मायानगरी मुंबई को एक बार फिर घुटनों पर ला दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मुंबई के कुर्ला स्थित लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) रेलवे स्टेशन परिसर में भयंकर जलभराव देखा गया, जिससे ट्रेनों की आवाजाही और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियां रेंगने को मजबूर हैं। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और ठाणे जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है, जिससे साफ है कि अभी राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
12 घंटे में 200 मिमी बारिश, NDRF-SDRF तैनात
राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागरिकों से अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि मुंबई में पिछले 12 घंटों के भीतर 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जो बेहद गंभीर है। NDRF और SDRF की टीमों को तैनात कर दिया गया है। हमारे कर्मचारी मैनहोल और जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों के पास मुस्तैद हैं। अधिकांश दुर्घटनाएं हाई टाइड के दौरान समंदर किनारे सेल्फी लेने के चक्कर में होती हैं, इसलिए मेरी पर्यटकों से अपील है कि वे ऐसे मौसम में सैर-सपाटे के लिए बाहर न निकलें।
कहां कितनी हुई बारिश
4 जुलाई सुबह 8:30 बजे से 5 जुलाई सुबह 5:30 बजे तक दर्ज वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, विखरोली में सबसे अधिक 253.0 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राम मंदिर क्षेत्र में 252.5 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा, सांताक्रूज में 224.5 मिमी, भायखला में 172.5 मिमी, विद्याविहार में 169.0 मिमी, कोलाबा में 165.5 मिमी, सायन में 157.5 मिमी तथा चेंबूर में 136.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि इस अवधि के दौरान मुंबई के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हुई।
आज मुंबई में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों के लिए अलग-अलग चेतावनियां जारी की हैं। मुंबई और ठाणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के कारण जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है। वहीं, कोंकण क्षेत्र और पुणे घाटों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां लगातार भारी बारिश के साथ मामूली भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा, पुणे शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।
