शहर

रिक्शा-टैक्सी चालकों पर 1 साल तक नहीं होगी कार्रवाई, सीएम फडणवीस का बड़ा ऐलान, जानें क्या है नया आदेश

Rickshaw Taxi Drivers Marathi Learning: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के गैर-मराठी रिक्शा और टैक्सी चालकों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने उन्हें बोलचाल की मराठी भाषा सीखने के लिए एक साल का अतिरिक्त समय दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि रिक्शा-टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों की मांग पर यह फैसला लिया गया है।

Image

महाराष्ट्र सरकार की बड़ी राहत (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Rickshaw Taxi Drivers Marathi Learning: महाराष्ट्र में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चलाने वाले चालकों के लिए राज्य सरकार की ओर से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (CM Devendra Fadnavis Announcement) ने गुरुवार को औपचारिक रूप से घोषणा की कि राज्य के गैर-मराठी ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों को व्यावहारिक (बोलचाल की) मराठी भाषा सीखने के लिए 1 साल का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इस एक साल की समयावधि के दौरान मराठी भाषा का ज्ञान न होने पर किसी भी चालक के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

यह फैसला ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा की गई मांग के बाद लिया गया है। हाल ही में हाजी अरफात शेख के नेतृत्व में चालक यूनियनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। चालकों के प्रतिनिधियों ने सरकार के इस नियम का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि वे मराठी भाषा सीखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी व्यावहारिक समस्याएं भी रखीं।

सरकार ने मानी यूनियन की शर्त

यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि रिक्शा और टैक्सी चालक अलग-अलग आयु वर्ग से आते हैं। इनमें से कई चालक ऐसे हैं जिन्होंने सालों पहले अपनी औपचारिक पढ़ाई छोड़ दी थी, इसलिए उनके लिए इतने कम समय में नई भाषा सीख पाना बेहद कठिन हो रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि उन्हें भाषा सीखने के लिए कम से कम 1 साल का समय दिया जाए। सरकार ने उनकी इस मांग को सहानभूतिपूर्वक स्वीकार करते हुए राहत देने का निर्णय लिया।

परिवहन विभाग ने 15 अगस्त तक की समयसीमा की थी तय

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस एक वर्ष की अवधि के दौरान सरकार चालकों के लिए विशेष मराठी कक्षाओं का आयोजन करेगी और उन्हें अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराएगी। इससे पहले, परिवहन विभाग ने 15 अगस्त तक की समयसीमा तय की थी और परीक्षण में विफल रहने वाले 1,268 चालकों को नोटिस जारी किए थे। लेकिन अब सरकार के इस नए आदेश के बाद चालकों को राहत मिली है और उन्हें सीखने का पूरा मौका दिया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article