शहर

एयर हॉस्टेस वर्षा मर्डर केस का खुलासा, दोस्त की पत्नी ने दी थी 13 लाख की सुपारी, 200 CCTV और ऐप ने खोला राज

महाराष्ट्र की गोंदिया पुलिस ने एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी दोस्त नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल ने 13 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी। पुलिस ने मोना समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

पुलिस हिरासत में आरोपी

Photo : Times Now Digital

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही गांव की रहने वाली एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की निर्मम हत्या के मामले में महाराष्ट्र की गोंदिया पुलिस ने एक सनसनीखेज और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्षा की हत्या की साजिश उसके संदेही मित्र नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल (41) ने अपने अवैध प्रेम संबंधों और पारिवारिक तनाव से परेशान होकर रची थी। गोंदिया पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य साजिशकर्ता मोना अग्रवाल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

13 लाख रुपये में दी गई थी हत्या की सुपारी

गोंदिया के पुलिस अधीक्षक (SP) गोरख भामरे के अनुसार, पति के वर्षा तुरकर के साथ संबंधों से परेशान होकर मोना अग्रवाल ने वर्षा को रास्ते से हटाने का मन बनाया। मोना अग्रवाल ने कुणाल कुंभलकर के माध्यम से हत्यारे शाहरुख पठान को वर्षा की हत्या करने के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए कुल 6 आरोपियों का सिंडिकेट तैयार किया गया था।

GPS से ट्रैक की कार की लोकेशन

वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने हाई-टेक तरीकों का सहारा लिया। आरोपियों ने वर्षा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए टोयोटा आई-कनेक्ट ऐप के जरिए उसकी कार की लाइव GPS लोकेशन को ट्रैक किया। जीपीएस लोकेशन का पीछा करते हुए आरोपी बोंडरानी गांव के जंगल में स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे। वहां मौका पाते ही आरोपियों ने वर्षा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

200 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल से खुली गुत्थी

बोंडरानी के जंगल में महिला का शव मिलने के बाद गोंदिया पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कीं। स्थानीय अपराध शाखा (LCB) की टीम ने घटना स्थल और मुख्य मार्गों से जुड़े करीब 200 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। कार की जीपीएस लोकेशन, मोबाइल टावर डंप डेटा और सीसीटीवी से मिली कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार मुख्य आरोपियों तक पहुंच गई।

अब तक 4 गिरफ्तार, 2 आरोपी अब भी फरार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पहली मोना अग्रवाल (41 वर्ष) है, जो मुख्य साजिशकर्ता और नितेश अग्रवाल की पत्नी है। दूसरा आरोपी शाहरुख पठान है, जिसने सुपारी ली थी। तीसरा कुणाल कुंभलकर, बिचौलिया है और चौथा इमरान शेख है, जो वारदात में शामिल सहयोगी है। गोंदिया पुलिस ने चारों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए दवनीवाड़ा पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस की टीमें अब फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही पुलिस मोना अग्रवाल और उसके पति नितेश अग्रवाल के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) को भी गहनता से खंगाल रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का पर्दाफाश किया जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article