शहर

मुंबई में सुरक्षा अलर्ट, बजट सत्र के बीच विधान भवन को बम की धमकी; BSE समेत इन जगहों को भी Bomb Threat

मुंबई में विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। जिसमें विधान भवन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, बॉम्बे हाई कोर्ट और मुंबई मेट्रो को निशाना बनाने की बात कही गई। जिसके बाद तुरंत पूरे विधानसभा परिसर में पुलिस, BDDS और डॉग स्क्वॉड ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फिलहाल कोई संदिग्ध सामान नहीं बरामद हुआ है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Mumbai Bomb Threat: मुंबई में गुरुवार सुबह विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल आने से हड़कंप मच गया। यह ईमेल बजट सत्र के दौरान आया। जिसकी सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। महाराष्ट्र विधान परिषद के अध्यक्ष राम शिंदे ने बताया कि यह धमकी केवल विधान भवन तक सीमित नहीं थी, बल्कि ईमेल मुंबई के चार बड़े स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। जिनमें विधान भवन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), बॉम्बे हाई कोर्ट और मुंबई मेट्रो शामिल हैं।

राम शिंदे के अनुसार, यह ईमेल सुबह करीब 6:57 बजे कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (CPA) को भेजा गया था। धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। मौके पर तुरंत बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विधान भवन परिसर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर भवन के अंदर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को भी बाहर भेज दिया गया।

जांच के दौरान विधानसभा भवन के गेट बंद

सर्च ऑपरेशन के दौरान कुछ समय तक विधान भवन के गेट बंद रखे गए। इस दौरान किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने विधान भवन के कोने-कोने की बारीकी से जांच की। फिलहाल परिसर से कोई भी संदिग्ध सामान मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन तलाशी अभियान जारी है। वहीं स्टाफ मेंबर्स को भी कड़ी जांच और पहचान की प्रक्रिया के बाद ही अंदर जाने दिया गया।

ईमेल भेजने के पीछे किसका हाथ?

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में इस धमकी भरे ईमेल के पीछे खालिस्तानी समर्थकों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। ईमेल भेजने वाले ने साफतौर पर हमले में बम और मिसाइल के इस्तेमाल की कही थी। साइबर पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुट गई है। ईमेल कहां से और कितने भेजा, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब महाराष्ट्र में बजट सत्र चल रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री और कई बड़े अधिकारी अक्सर विधान भवन में मौजूद रहते हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड में हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में और जानकारी साझा की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!