प्रयागराज के महाकुंभ में माला बेचते हुए रातों-रात इंटरनेट पर वायरल हुई 'मोनालिसा' की शादी का विवाद मुंबई तक पहुंच गया है। मोनालिसा को अपनी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में ब्रेक देने वाले बॉलीवुड डायरेक्टर सनोज मिश्रा रविवार को महेश्वर पहुंचे। इस दौरान सनोज मिश्रा ने मोनालिसा के परिवार से मुलाकात की और इस शादी को लेकर गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए।
ये पीएफआई का षड्यंत्र
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए सनोज मिश्रा ने कहा कि मोनालिसा और फरहान की शादी कोई सामान्य प्रेम विवाह नहीं है। उन्होंने सीधे तौर पर PFI (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) का नाम लेते हुए इसे एक बड़ा षड्यंत्र करार दिया। सनोज मिश्रा ने कहा कि यह लव जिहाद का मामला है। जिस तरह से केरल में ले जाकर शादी की गई, वह कई सवाल खड़े करता है। यह सीधे तौर पर सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश है। मैं जल्द ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करुंगा।
वायरल गर्ल मोनालिसा के घर पसरा मातम
मोनालिसा की शादी को एक तरफ जहां हाई-प्रोफाइल दावों का दौर जारी है, वहीं मोनालिसा के घर में मातम पसरा है। उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी के पास अपना कोई मोबाइल नहीं है। हमारा उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। हमें नहीं पता वह किस हाल में है। हम बस इतना चाहते हैं कि हमारी बेटी सुरक्षित वापस घर आ जाए।

सनोज मिश्रा.
सनोज मिश्रा ने की एमपी सरकार से दखल देने की मांग
सनोज मिश्रा और मोनालिसा के परिजनों ने मध्य प्रदेश सरकार से इस मामले में तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि एक सुनियोजित धर्मांतरण और षड्यंत्र का हिस्सा हो सकता है।
गौरतलब है कि मोनालिसा तब चर्चा में आई थीं जब महाकुंभ के दौरान उनकी सादगी और सुंदरता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए साइन किया था। फिल्म की शूटिंग और करियर की शुरुआत से पहले ही इस शादी की खबर ने सबको चौंका दिया है।
