शहर

Lucknow News: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर दौड़ने लगीं रोडवेज बसें, 1.45 घंटे में पूरा सफर

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर आज यानी सोमवार 27 जुलाई से रोडवेज की 'ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे' बस सेवा शुरू की गई है। यात्री अब महज 1.45 घंटे में दोनों शहरों के बीच सफर पूरा कर सकेंगे।

Image

उत्तर प्रदेश रोडवेज की लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे सर्विस शुरू

Lucknow News: अगर आपका लखनऊ और कानपुर के बीच आना-जाना लगा रहता है और आप सार्वजनिक वाहनों पर निर्भर हैं तो ये खुशखबरी आपके लिए ही है। इन दोनों शहरों के बीच सफर में अब आपको घंटों का समय नहीं लगेगा, बल्कि आज से यह सफर महज 1.45 घंटे में पूरा हो जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू कर दिया है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक 'ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे' नाम से शुरू की गई इस सेवा का मकसद दोनों शहरों के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना है। शुरुआती चरण में बसों का संचालन लखनऊ में आलमबाग बस टर्मिनल से किया जा रहा है।

रोडवेज बस का टाइम टेबल क्या होगा?

  • रोडवेज के लखनऊ परिक्षेत्र के रीजनल मैनेजर विमल राजन के मुताबिक, पहली बस सुबह 7 बजे आलमबाग से रवाना होगी।
  • दूसरी बस सुबह 8 बजे आलमबाग से चलेगी।
  • यात्रियों की सुविधा के लिए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक बसों का संचालन किया जाएगा।
  • इस दौरान नियमित अंतराल पर बसें उपलब्ध रहेंगी।
  • यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।

यात्रियों का काफी समय बचेगा

इस नई बस सेवा के जरिए लखनऊ से कानपुर के बीच करीब 90 किलोमीटर का सफर लगभग 1 घंटा 45 मिनट में पूरा हो जाएगा। इससे पारंपरिक मार्ग की तुलना में यात्रा समय में काफी बचत होगी और यात्रियों को ट्रैफिक जाम से भी बहुत हद तक राहत मिलेगी।

लखनऊ से कानपुर 151 रुपये का किराया

एक्सप्रेसवे पर ज्यादा टोल शुल्क के चलते हुए इस रूट पर प्रति यात्री 151 रुपये किराया तय किया गया है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि बेहतर सड़क, कम यात्रा समय और आधुनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए किराया तय किया गया है।

रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए शिकायत और सुझाव दर्ज कराने की भी व्यवस्था की है। सफर के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में यात्री लखनऊ रीजनल मैनेजर ऑफिस के कंट्रोल रूम 8726005808 पर कॉन्टैक्ट कर सकते हैं। निगम ने यात्रियों से नई सेवा का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने और अपने सुझाव शेयर करने की अपील की है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article