लखनऊ

लखीमपुर खीरी में तेंदुए ने किया युवक पर हमला, जान बचाने के लिए शख्स ने किया डटकर मुकाबला

लखीमपुर खीरी जिले में तेंदुए ने एक युवक पर अचानक अटैक कर दिया। तेंदुए से डरने के बजाए युवक ने अपनी जान बचाने के लिए उसका डटकर मुकाबला किया और उसकी गर्दन दबोची। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए और युवक दोनों बचाया।

Image

लखीमपुर खीरी में तेंदुए ने किया युवक पर हमला

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के बबुरी गांव के पास ईंट-भट्ठे में छुपे तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया और इस दौरान युवक ने अदम्य साहस दिखाते हुए तेंदुए से मुकाबला किया तथा उसकी गर्दन दबोच ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के बबुरी गांव निवासी मिहीलाल नामक युवक तेंदुए से मुकाबला करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में युवक पूरी हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए की गर्दन को कसकर पकड़े नजर आ रहा है और ग्रामीण उसे बचाने के लिए तेंदुए को लगातार ईंट मार रहे हैं।

ग्रामीणों द्वारा युवक को बचाने के लिए फेंकी गयी ईंटों की चपेट में आने से तेंदुआ भी जख्मी हुआ है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बबुरी गांव में मंगलवार दोपहर मिहीलाल (35) चाभी लेने के लिए ईंट-भट्ठे पर पहुंचा था तभी वहां छुपे करीब चार साल के तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर पास के केले के बाग में ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, मिहीलाल ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए की गर्दन पकड़ी और उसे जमीन पर गिरा दिया। तेंदुए ने अपने पंजों से मिहीलाल के चंगुल से छूटने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने के लिए ईंटों से तेंदुए पर हमला कर दिया। हमले से गुस्साए तेंदुए ने कुछ ग्रामीणों, एक वन रक्षक और एक पुलिसकर्मी को भी घायल कर दिया। पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने युवक तथा तेंदुए को बचाया।

दुधवा बफर जोन के क्षेत्र उपनिदेशक सौरीश सहाय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ग्रामीणों ने घटना के बारे में वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद बचाव दल ने तेंदुए को बेहोश किया और उसे धौरहरा रेंज मुख्यालय ले जाया गया। तेंदुए के हमले में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के हमले में तेंदुआ घायल हुआ है। होश में आने के बाद उसकी स्थिति स्पष्ट होगी।

सहाय ने बताया कि एक अन्य घटना में शारदा नगर क्षेत्र के जटपुरवा गांव में वन विभाग की टीम ने बबुरी गांव की घटना से कुछ घंटे पहले एक बीमार तेंदुए को पकड़ा। राहगीरों ने कांप रहे एक बीमार तेंदुए को देखकर वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग के बचाव दल ने तेंदुए को रेंज मुख्यालय पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दुधवा के पशु चिकित्सक दोनों तेंदुओं की शारीरिक जांच कर रहे हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article