UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदलने वाला है। बुधवार से कुछ जिलों में तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही से मौसम में नर्मी है। उधर, मौसम विभाग ने आने वाले 2 से 3 दिन तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 19 से लेकर 20 अप्रैल तक प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहावना होने वाला है। उधर, बिगड़ते मौसम की आहट से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ झलक रही हैं। इस दौरान रबी में गेहूं की फसल की कटाई-मड़ाई का कार्य तेजी से चल रहा है। अगर, ऐसे में बारिश और आंधी दस्तक देती है तो अन्नदाताओं को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, मौसम में लगातार परिवर्तन से जुकाम, बुखार, जी मितलाना और उल्टी दस्त जैसी समस्या से हर परिवार परेशान है। इस वक्त सरकारी समेत प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की संख्या में रोजाना इजाफा हो रहा है। लिहाजा डॉक्टरों ने सभी को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
पश्चिमी विक्षोभ बिगाड़ रहा खेल
आईएमडी लखनऊ के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी से लेकर पूर्वी यूपी तक शुक्रवार को तेज हवाओं गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही कहीं-कहीं बिजली कड़कने के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है उधर, आगरा में भी पश्चिमी में विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी बारिश की आशंका है। बुधवार को दिनभर सूरज के तीखे तेवरों से लोग परेशान नजर आए। हालांकि, इस दौरान 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हवाएं भी बह रहीं थी, जिससे मामूली राहत भी मिल रही थी। मंगलवार की अपेक्षाकृत बुधवार को तापमान में करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
गर्मी से राहत की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल माह में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान बीच-बीच में बादलों की आवाजाही से मौसम के तेवर नर्म रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से लगभग पूरे अप्रैल महीने बीच-बीच में बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे ये महीना गर्मी से राहत भरा रह सकता है। आपको बता दें कि साल 2023 में मई के महीने तक रुक-रुक कर मौसम सक्रिय रहा था, जिससे गर्मी के शुरुआती महीने आराम से बीत गए थे।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
इधर, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, बिजनौर, गाजियाबाद, मेरठ, ज्योतिबाफुले नगर, मुरादाबाद, फिरोजाबाद आगरा, मथुरा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत और महामाया नगर में बारिश की आशंका जताई गई है।
वाराणसी सबसे गर्म
वहीं, राजधानी लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान में -0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हरदोई में अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। उधर, कानपुर में 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहा। लखीमपुर खीरी में अधिकतम 37 न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के इर्द गिर्द मापा गया। वहीं, प्रदेश का वाराणसी 41.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा तो प्रयागराज दूसरा सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि 20 अप्रैल के बाद लू की भी दस्तक होगी जो जुलाई महीने तक बनी रह सकती है। फिलहाल, 20 अप्रैल तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली सतही हवाओं के कारण मौसम का मिजाज थोड़ा नर्म रहेगा, जिससे गर्मी से राहत रहेगी।
बिहार में लू
उधर, यूपी सटे बिहार में पछुआ हवाओं का असर बना हुआ है, जिसके चलते मौसम पूरी तरह शुष्क है और लोग गर्मी से बेहाल हैं। राज्य के 14 शहरों में पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, शेखपुरा, नवादा, मुंगेर, खगड़िया, जमुई और बांका में लू का अलर्ट जारी किया गया है।साथ ही प्रदेश के 21 जिलों में हीट वेव का असर बना हुआ है।
