UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17-November-2025: उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे लुढ़क चुका है। सुबह और रात के समय में ठंड तेज हो गई है। हालांकि दिन में अभी भी धूप की मौजूदगी बरकरार है। सुबह-सवेरे हल्के से मध्यम कोहरा भी छाने लगा है। प्रदेश में तापमान की गिरावट के साथ ही शीतलहर जैसे हालात भी बनने लगे हैं। मौसम विभाग ने आज प्रयागराज, आगरा समेत 13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम शुष्क रह सकता। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। इस अवधि में आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, फतेहपुर, कौशांबी, चित्रकूट और प्रयागराज में शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में आने वाले दिनों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। अगले 4 से 5 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
लखनऊ-नोएडा में कैसा रहेगा मौसम
यूपी की राजधानी लखनऊ में सुबह की शुरुआत कोहरे की चादर के साथ हो सकती है। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट जाएगा और धूप निकल आएगी। सोमवार को लखनऊ में तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता। नोएडा और गाजियाबाद में भी आज मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय कोहरे की हल्की चादर भी छाई रह सकती है।
यूपी में कानपुर में रही सबसे ठंडी रात
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को यूपी में सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर में दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम पारा सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, इटावा में 8.4 डिग्री, अयोध्या में 9.5 डिग्री, मेरठ में 8.8 डिग्री और बुलंदशहर में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी में सबसे अधिकतम तापमान कानपुर में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा बहराइच में 29 डिग्री, वाराणसी बीएचयू में 28.7 डिग्री, गोरखपुर में 28.7 डिग्री और झांसी में 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
