यूपी में सर्द हवाएं, तेजी से लुढ़क रहा पारा
UP Ka Mausam 15-Nov-2025: यूपी के मौसम में ठंड लगातार बढ़ रही है। सुबह-शाम अच्छी-खासी ठंड हो रही है। सूरज के ढलने के साथ तापमान में कमी आती है और रातें इतनी सर्द हो गई है कि लोग उस दौरान घर से बाहर भी नहीं निकलना चाहते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हर के आगे आग जलती हुई देखने को मिल रही हैं। ठंड से खुद को बचाने के लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। हालांकि दिन के समय लोगों को धूप खिली रहने से राहत मिल रही है। ठंड शुरू होने पहले जिस धूप में चिलचिलाहट महसूस हो रही थी अब वही धूप अच्छी लगने लगी है।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी की शुरुआत हो गई है। पहाड़ों की ओर से आ रही उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ने लगी है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली है। सर्दी में लोग कांपते हुए नजर आ रहे हैं। तापमान गिरने के साथ लोगों को कोहरे का भी सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में धुंध और कोहरे की परत देखने को मिल रही है। यहां हल्का या मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम में हो रहे लगातार बदलाव को देखते हुए कहा जा सकता है कि यूपी में आगामी दिनों में ठंड के साथ कोहरा और बढ़ेगा, जिसका सीधा असर दृश्यता पर देखने को मिलेगा। फिलहाल यूपी का मौसम शुष्क बना हुआ है और आसमान साफ है।
यूपी के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। शहर का एक्यूआई खराब से बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा दोनों का एक्यूआई 400 के पार गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है। वहीं गाजियाबाद का एक्यूआई भी बेहद खराब से गंभीर श्रेणी यानी 350 से 450 के बीच दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, आगाम दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बता दें कि लगातार पारा लुढ़कने से प्रदेश में रात के समय शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। अगर इसी प्रकार तेजी से तापमान गिरता रहा तो जल्द ही यूपी के कई जिलों में शीतलहर चलनी शुरू हो जाएगी, जिससे भीषण ठंड का कहर बरसना शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 15 नवंबर से 20 नवंबर यानी अगले 5 दिनों तक प्रदेश का मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। यहां बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है और न ही बारिश होने की कोई संभावना जताई गई है।