UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10-June-2025: उत्तर प्रदेश में नौतपा के खत्म होने के बाद भी गर्मी तपा रही है। दिन में सूरज आसमान से आग बरसा रहा है। लोगों को लू के थपेड़े भी झेलने पड़ रहे हैं। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई है। इस भीषण गर्मी में कूलर-पंखों के बावजूद लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। पिछले 3-4 दिनों में तापमान में भी काफी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। सोमवार को यूपी में सबसे गर्म तीन जिले आगरा, झांसी और कानपुर रहे। जिनमें आगरा और झांसी का अधिकतम पारा 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कानपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गये। प्रदेश में आज भी तेज गर्मी और लू का दौर जारी रहने वाला है। हालांकि कल से यूपी का मौसम करवट बदल सकता है।
27 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज 27 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 11 जिलों में वार्म नाइट की चेतावनी जारी की गई है। यूपी में कल यानी 11 जून से पूर्वी हिस्से में बारिश की संभावना है। इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिमी यूपी में गर्मी और लू का कहर बरकरार रहेगा। इस दौरान दिन के समय हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में आज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में आज मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर और महोबा में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रयागराज, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, मैनपुरी और औरैया में लू का येलो अलर्ट है। गर्म रात्रि का अलर्ट सहारनपुर, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, बिजनौर, अमरोहा, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़ और मुरादाबाद में है।
यूपी में 48 घंटे बाद गिरेगा पारा
तापमान की बात करें तो अगले दो दिन पूर्वी यूपी में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं। लेकिन पश्चिमी यूपी में 2 डिग्री तक पारा बढ़ सकता है। इसके बाद दोनों हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक कम हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 28 घंटे बाद 2 से 4 डिग्री तक पारा लुढ़क सकता है।
नोएडा-गाजियाबाद में लू का अलर्ट
यूपी में नोएडा और गाजियाबाद में सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। नोएडा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और गाजियाबाद में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नोएडा में बीते दिन अचानक तापमान में 6 डिग्री का उछाल आया है। रविवार को यहां अधिकतम पारा 39 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार को भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। दिन में सड़कों से लेकर मार्केट तक सन्नाटा पसरा रहा। फिलहाल कुछ दिन तक यहां तेज गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। आज नोएडा और गाजियाबाद दोनों जिलों में हीटवेव का अलर्ट है।
