UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 02-October-2025: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। धूप और हल्की फुहारों के बीच प्रदेश का मौसम फिलहाल मिला-जुला बना हुआ है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 2 अक्टूबर यानी आज पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों और पूर्वी यूपी के कई जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 4 और 5 अक्टूबर के बीच 48 घंटे के लिए उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में तेज वर्षा और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
इन जिलों में बारिश के आसार
गुरुवार, 2 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, जौनपुर, भदोही, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मऊ, बलिया, देवरिया समेत सभी दक्षिणी और पूर्वी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में भी अगले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहेगा। आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। गुरुवार को एक-दो बार बारिश के छींटे पड़ सकते हैं और बिजली गिरने की भी संभावना है।
त्योहार पर मौसम का असर
दशहरा पर जहां एक ओर रावण दहन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी ओर अचानक मौसम का बदलता मिजाज आयोजनों पर असर डाल सकता है। कई जिलों में बारिश के चलते रावण दहन कार्यक्रमों में बाधा आने की भी आशंका जताई जा रही है।
