UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 02-June-2025: उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से मौसम की चाल बदली हुई है। यहां तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ बारिश का दौर जारी है। लेकिन अब यूपी का मौसम फिर करवट ले रहा है। बीते दिनों से प्रदेश का अधिकतम तापमान 40 के नीचे दर्ज किया जा रहा था, लेकिन अब कई जिलों में तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। यहां गर्मी ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग की मानें तो कुछ दिनों के उतार-चढ़ाव के बाद यूपी का मौसम फिर सुहावना हो जाएगा। यहां बारिश का दौर शुरू होगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। देश में मानसून की एंट्री हो गई है, जल्द ही यह यूपी से होते हुए पूरे देश को कवर कर लेगा। उसके बाद यहां उमस वाली गर्मी की भी छुट्टी हो जाएगी। आइए अब आपको बताए कैसा रहेगा आज और आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल -
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बिजनौर, ज्योतिबाफुले, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, महामायानगर और औरिया शामिल हैं। इन जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है। आंधी-तूफान के साथ कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद उमस भरी गर्मी हो सकती है।
यूपी में 5 जून तक होगी बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम की चाल बदल गई है। यहां 2 जून से 5 जून तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिलेगी। वहीं 3 जून यानी मंगलवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 5 जून के बाद प्रदेश का मौसम पूरी तरह से शुष्क हो जाएगा।
