उत्तर प्रदेश का मौसम
UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01 December-2025: दिसंबर का महीना शुरू हो चुका है। जिसके साथ ही अब ठंड भी जोर पकड़ने वाली है। यूपी में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड बढ़ने की संभावना है। साथ ही सर्द हवाएं भी चलने के आसार हैं। फिलहाल सुबह और शाम में ठंड से ठिठुरन का एहसास हो रहा है। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में ज्यादा ठंड पड़ रही है। लेकिन दिन में धूप निकलने के कारण सर्दी से राहत बनी हुई है। दिन में धूप हल्की होने के कारण लोगों ने धूप सेंकना भी शुरू कर दिया है। वहीं रात के समय लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। आने वाले दिनों कोहरा भी घना कोने की संभावना है। साथ ही शीतलहर भी शुरू हो सकती है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि यूपी में आज कैसा मौसम रहने वाला है:
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। इस हफ्ते प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। पूर्वानुमान के अनुसार 2 और 3 दिसंबर को भी मौसम शुष्क बना रहने वाला है। 6 दिसंबर तक पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही थी। बीते दिनों लगातार सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पारा ऊपर चढ़ रहा था। जिनका प्रभाव अब खत्म होने वाला है। जिसके बाद यूपी में फिर से सूख और ठंडी पछुआ या उत्तर-पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ने वाली हैं। जिसके कारण अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में करीब 2-4 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। जिससे ठंड भी बढ़ने की संभावना है।