लखनऊ

आप मेरा एडमिशन करवा दीजिए- बच्ची ने CM योगी से की फरियाद, बातचीत का वीडियो वायरल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'जनता दर्शन' में मुरादाबाद की एक बच्ची ने स्कूल में दाखिले की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने उसका आवेदन प्रमुख सचिव को सौंपकर तत्काल एडमिशन का निर्देश दिया। दोनों के बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Image

बच्ची से बात करते योगी आदित्यनाथ

Photo : ANI

Lucknow News: यूं तो हर दौरे, निरीक्षण, कार्यक्रमों में बच्चों को देख उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री उनसे हालचाल जानते हैं और पढ़ाई के बारे में पूछते हैं।चॉकलेट और टॉफी देते हुए भी नजर आते हैं लेकिन सोमवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। दरअसल सोमवार एक बच्ची ने CM योगी से स्कूल में एडमिशन कराने की गुहार लगाई। जिसके बाद CM योगी बच्ची की बात सुनकर मुस्कुराने लगते हैं।

इस हाजिरजवाब बच्ची और मुख्यमंत्री के बीच की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर 'जनता दर्शन' किया। इस दौरान मुरादाबाद से वाची नाम की नन्ही बच्ची अपनी बात लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंची। हर एक फरियादी के पास पहुंच रहे मुख्यमंत्री जब इस बच्ची के पास पहुंचे तो उसे देख सबसे पहले हालचाल पूछा, फिर उसका भी प्रार्थना पत्र लिया और पढ़ा।

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाची से पूछा कि तुम, स्कूल नहीं जाना चाहती है। इस पर बच्ची बोली- "नहीं, मैं स्कूल जाना चाहती हूं। मैं यह कह रही थी कि आप स्कूल में मेरा एडमिशन करा दो।" मुख्यमंत्री ने पूछा, "किस क्लास में। 10वीं या 11वीं में", बच्ची ने फिर उत्तर दिया- "अरे, मुझे नाम नहीं पता।" इस पर मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद को प्रार्थना पत्र सौंपा और कहा कि इस बच्ची का एडमिशन हर हाल में कराओ। सोशल मीडिया पर सीएम योगी का बच्ची संग इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मुख्यमंत्री का यह रूप देख 'जनता दर्शन' में आए फरियादी भी एक मिनट के लिए अपनी तकलीफ भूलकर मुस्कुरा उठे। मुरादाबाद से आई वाची से पूछा गया कि किससे मिलकर आई हैं, उन्होंने कहा कि मैं योगी जी से मिलकर आई। मैंने उनसे कहा कि मेरा स्कूल में एडमिशन करवा दें। जिस पर उन्होंने कहा कि मैं करवा दूंगा। मुख्यमंत्री से मिलकर प्रफुल्लित वाची ने बताया कि सीएम योगी मुझे बिस्कुट और चॉकलेट भी दी।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 'जनता दर्शन' किया। इस दौरान यहां प्रदेश भर से लगभग 65 से अधिक पीड़ित पहुंचे। मुख्यमंत्री हर पीड़ित के पास स्वयं पहुंचे, समस्या सुनी, प्रार्थना पत्र लिया और उन्हें अहसास कराया कि हर समस्या में सरकार साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर नागरिक की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार विगत 8 वर्ष से इसी उद्देश्य से कार्य कर रही है।

जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, चिकित्सा सहायता, शिक्षा, आवास, आंगनबाड़ी, कब्जा आदि से जुड़े अनेक मामले आए, जिस पर प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता की समस्या सुनते हुए सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित की समस्या पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। इसमें हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। सबको न्याय मिलेगा और सबकी पीड़ा दूर की जाएगी।

(इनपुट-आईएएनएस)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article