लखनऊ

UP Roadways : रोडवेज कर्मचारियों को यूपी सरकार का तोहफा, महंगाई भत्ते में 11% की बंपर बढ़ोत्तरी

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 16, 2023, 09:35 AM IST

UP Roadways employees dearness allowance : सरकार की इस घोषणा का स्वागत करते हुए यूपी रोडवेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि वह कई मांगों को लेकर राज्य परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह से मिले थे। इनमें से एक मांग महंगाई भत्ता बढ़ाने को लेकर थी। सिंह ने कहा कि संघ को इस बात की खुशी है कि महंगाई भत्ता बढ़ाने की उनकी मांग मान ली गई है।

Image

यूपी रोडवेज के कर्मचारियों को मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता।

Photo : PTI

UP Roadways employees dearness allowance : उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के 16,000 कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने इन कर्मचारियों को उनकी बेसिक सैलरी का 28 फीसदी महंगाई भत्ते के रूप में देने का फैसला किया है। रिपोर्टों के मुताबिक सार्वजनिक उद्यम विभाग के चेयरमैन के अधीन गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने बुधवार को महंगाई भत्ता 11 फीसदी बढ़ाने की सिफारिश को अपनी मंजूरी दे दी।

मंहगाई भत्ते में वृद्धि जनवरी 2023 से लागू होगी

मंहगाई भत्ते में यह वृद्धि जनवरी 2023 से लागू होगी। यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी आने वाली सैलरी में मिलेगी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महासचिव गिरीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों को अब तक 17 फीसदी महंगाई भत्ता मिल रहा था। उन्होंने बताया, 'परिषद की ओर से कर्मचारियों को 38 फीसदी महंगाई भत्ता देने की सिफारिश की गई थी। अब समिति ने महंगाई भत्ता 11 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।'

वृद्धि से रोडवेज कर्मचारी संघ खुश

सरकार की इस घोषणा का स्वागत करते हुए यूपी रोडवेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि वह कई मांगों को लेकर राज्य परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह से मिले थे। इनमें से एक मांग महंगाई भत्ता बढ़ाने को लेकर थी। सिंह ने कहा कि संघ को इस बात की खुशी है कि महंगाई भत्ता बढ़ाने की उनकी मांग मान ली गई है। इस वृद्धि के बाद रोडवेज कर्मचारियों को 8,000 रुपए महंगाई भत्ता मिलेगा। इसके पहले उन्हें महंगाई भत्ते के रूप में 2,500 रुपए मिल रहा था।

राज्य सरकार के कर्मचारियों को मिलता है 38% महंगाई भत्ता

बता दें कि रोडवेज कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों से 10 प्रतिशत कम महंगाई भत्ता मिलता आ रहा था। राज्य सरकार के कर्मचारियों को 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलता है। यूपी रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महासचिव गिरीश मिश्रा ने कहा कि 11 फीसदी महंगाई भत्ता जुलाई 2021 से मिलना था लेकिन इसे जनवरी 2023 से देने की मंजूरी मिली है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article