Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बहादुर महिला ने साहस का परिचय दिया। बहादुर महिला राजकुमारी ने हिम्मत और बहादुरी का परिचय दिया। महिला ने अपनी चेन लुटने से बचा ली। साथ ही चार लुटेरी महिलाओं को भी गिरफ्तार करा लिया। जानकारी मिली है कि महिला ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी। लेकिन पुलिस ने शांति भंग में कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया। आपको बता दें कि मूलरूप से प्रतापगढ़ के लालगंज निवासी दयाशंकर एल्डिको में मकान का निर्माण करा रहे हैं। पत्नी राजकुमारी भी दयाशंकर के साथ यही रह रही हैं।
राजकुमारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे वह पति के साथ प्रतापगढ़ के लिए जा रही थीं। पीजीआई थाना इलाके के उतरेठिया चौराहे पर पति पहले बस में सवार हो गए। इसके बाद जैसे ही वह बस में चढ़ने लगी तो चार बंजारन महिलाएं धक्का-मुक्की करते हुए चढ़ने लगीं।
आरोपी महिलाओं में से एक को दौड़कर पकड़ा
इस पर राजकुमारी ने विरोध किया तो चारों ने उन्हें घेर लिया। चारों महिलाओं ने चेन लूटने का प्रयास किया। इस पर महिला राजकुमारी ने उक्त महिलाओं को धक्का दे दिया। वह महिलाएं चेन लूटने में नाकाम हो गईं और जान बचाकर भागने लगीं। जब चारों भागने लगीं तो राजकुमारी बस से उतर गईं और उनका पीछा करते हुए महिला को पकड़ लिया। इसके बाद सूचना पर एल्डिको चौकी प्रभारी अनुज सिंह पहुंचे। उन्होंने आरोपी महिला को उनके हवाले कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि कुछ देर बाद ही महिला की अन्य तीन साथी महिलाओं को भी पकड़ लिया। महिलाओं की पहचान नीतू, उर्मिला और सीकू के रूप में हुई हैं। सभी चारबाग इलाके में रहती हैं और पूरे शहर में घूमकर भीख मांगकर गुजर बसर करती हैं।
बाइक चोर गैंग का खुलासा
उधर, गोंडा पुलिस ने बाइक चोर गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की छह बाइक बरामद की हैं, जबकि कटी हुई सात बाइकों के पार्ट्स बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी इन बाइकों की चोरी बच्चों से करवाते थे। जिला अस्पताल के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज में आरोपी कैद हुए थे। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
