लखनऊ

Bahraich News: बंद क्रॉसिंग बनी काल; पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए मां-बेटे की दर्दनाक मौत

बहराइच-गोंडा रेलखंड पर रेलवे लाइन पार करते समय एक मां और उसके बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा अचानक ट्रेन की ओर भागा, जिसे बचाने के प्रयास में उसकी मां भी दौड़ी, लेकिन दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Image

पटरी करते समय मां बेटे की मौत

Bahraich News: बहराइच जिले में बहराइच-गोंडा रेलखंड पर एक दुखद हादसे में मां-बेटे की जान चली गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह के मुताबिक, रोशनी गुप्ता (25) अपने चार वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ बाजार गई थीं। लौटते समय, रेलवे लाइन पार करने के दौरान बच्चा अचानक ट्रेन की ओर भागा, जिसे बचाने के प्रयास में उसकी मां भी दौड़ी, लेकिन दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मृत्यु हो गई।

राजकीय रेलवे पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद बख्शीपुरा निवासी समाजसेवी अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि रेलवे लाइन के उस पार हजारों लोग रहते हैं, लेकिन वहां न तो अंडरपास है और ओवरब्रिज बनाने के नाम पर रेलवे क्रॉसिंग तीन साल पहले बंद कर दी गई थी, जिससे आवागमन में भारी समस्या बनी हुई है।

अधिकारियों की कोई प्रतिक्रिया नहीं

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि एक और रास्ता है जिसपर दो फुट जलभराव के कारण लोगों को बस्ती में जाने के लिए तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है इसलिए लोग जान जोखिम में डाल कर पटरी पार करते हैं। जानकारी के मुताबिक, इस संबंध में सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों व एमएलसी के पत्रों सहित अनेक रिपोर्ट रेल मंत्री व रेलवे अधिकारियों को दिए जा चुके हैं मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article