लखनऊ

फतेहपुर मकबरा विवाद में अब पुलिस की नजर सोशल मीडिया पर, भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में तीन पर मुकदमा दर्ज

फतेहपुर के मकबरा विवाद में पुलिस की निगाह अब सोशल मीडिया पर है। बढ़े तनाव के दौर में पुलिस ने भड़काऊ पोस्ट और टिप्पणियां करने के मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। 11 अगस्त को ईदगाह परिसर में भगवा झंडा फहराने और पूजा के बाद दो समुदायों में पथराव हुआ था, जिसको लेकर ये कार्रवाई चल रही है।

Image

11 तारीख को हंगामे के बाद घटनास्थल पर मौजूद पुलिस (तस्वीर साभार : PTI )

Photo : PTI

Fatehpur News: फतेहपुर के मकबरा विवाद को लेकर तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यह मामला सोशल मीडिया तक पहुंच गया है, जहां भड़काऊ टिप्पणियों और वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने BNS की कई धाराओं में यह कार्रवाई की है और सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है।

सोशल मीडिया पर उकसाने की कोशिश

जानकारी के अनुसार, सबसे पहला मामला अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ दर्ज किया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर विवादित मकबरे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उसके खिलाफ BNS की धारा 196 और 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरा मुकदमा “चलो फतेहपुर हक को आवाज” नाम के फेसबुक पेज पर एक भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने के मामले में दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 191(1), 352(2) और 66 के अंतर्गत केस दर्ज किया है।

तीसरे मामले में मोहम्मद मोज़फ्फर इमाम के खिलाफ BNS की धारा 153, 353(2) और 67 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसने फेसबुक पर एक अर्धनग्न फोटो के साथ भड़काऊ टिप्पणी पोस्ट की थी, जिससे साम्प्रदायिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है।

क्या है पूरा मामला?

11 अगस्त की सुबह फ़तेहपुर के अबूनगर इलाके में स्थित एक पुराने ईदगाह परिसर में विवाद उस समय गहरा गया, जब बजरंग दल, हिंदू महासभा और अन्य संगठनों से जुड़े करीब 2 हजार लोग वहां पहुंचे और ईदगाह में बने पुराने मकबरे पर भगवा झंडा फहरा दिया। कुछ लोगों ने मकबरे के भीतर जाकर पूजा-पाठ भी शुरू कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में मुस्लिम समुदाय की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई और करीब 1,500 लोग ईदगाह के पास इकट्ठा हो गए। दोनों समुदायों के बीच पथराव शुरू हो गया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और हालात बिगड़ते देख 10 थानों की फोर्स मौके पर तैनात की गई।

प्रशासन अलर्ट पर

घटना के बाद तनाव बढ़ने के चलते मकबरे के आसपास एक किलोमीटर का क्षेत्र सील कर दिया गया है। साथ ही प्रशासन सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों और उकसाने वाली सामग्री पर सख्त नजर बनाए हुए है। अब तक इस मामले में 10 नामजद और करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article