लखनऊ

संभल में सड़क हादसा; बारात की खुशियां मातम में बदली, दूल्हे समेत 8 की दर्दनाक मौत

संभल जिले में एक भीषण सड़क हादसे में बारात की खुशियां मातम में बदल गईं। जुनावई गांव में तेज रफ्तार बोलेरो कार जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई, जिससे आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दूल्हे समेत तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

Image

हादसे का शिकार बनी बोलेरो कार

Photo : Times Now Digital

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल के जुनावई थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। घटना तब घटी जब तेज रफ्तार बोलेरो कार, जो बारात लेकर जा रही थी, जुनावई गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराई। इस कार में कुल 14 लोग सवार थे, जो दूल्हे के साथ दुल्हन को ब्याहने जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दूल्हे समेत तीन मासूम बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

दुल्हन के परिवार में मातम

पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में दूल्हा सूरज (पुत्र सुखराम), उसकी बहन कोमल, भाभी आशा, भतीजी ऐश्वर्या, सचिन और उनकी पत्नी मधु, गणेश (पुत्र देवा), और ड्राइवर रवि (पुत्र बच्चू बंजारा) की मौत हो गई। वहीं, देवा (पुत्र हुकुम सिंह) और हिमांशी (पुत्री लाल सिंह) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सूरज की शादी बदायूं निवासी राजू की बेटी अंजू से तय हुई थी। बारात शाम करीब सात बजे बदायूं के लिए रवाना हुई थी, लेकिन महज दस मिनट बाद ही यह भीषण हादसा हो गया। जैसे ही दुल्हन के परिवार को दुर्घटना की खबर मिली, वहां मातम पसर गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article