लखनऊ

Lucknow News: सोशल मीडिया बना सियासी अखाड़ा; केशव प्रसाद मौर्य, अखिलेश और शिवपाल के बीच छिड़ी जुबानी जंग; इस मुद्दे पर आपस में भिड़े नेता

Lucknow News: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बदायूं वाले वायरल वीडियो पर समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव और शिवपाल यादव और डिप्टी सीएम के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। शिवपाल यादव ने पलटवार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य को करारा जवाब दिया। शिवपाल यादव ने कहा कि हम समाजवादी लोग तो चाहते हैं कि आप उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में हवाई अड्डा बनवा दें।

Image

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और अखिलेश यादव के बीच छिड़ी जुबानी जंग

Lucknow News: लोकसभा चुनाव-2024 से पहले सोशल मीडिया नेताओं का सियासी अखाड़ा बन गया है। यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने तंज किया। उसी बयान के पलटवार के बाद शिवपाल यादव भी आमने-सामने हो गए। दरअसल, केशव प्रसाद मौर्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे अखिलेश यादव ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया। वीडियो में केशव मौर्य बदांयू में एयरपोर्ट बनवाने की बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद वह काफी ट्रोल हो गए।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी वीडियो जारी कर निशाना साधा और कहा कि भाजपाई 'बस अड्डा' तो दे नहीं पा रहे और वादा 'हवाई अड्डे' का कर रहे हैं। सच तो ये है कि आम जनता को नहीं बल्कि भाजपा नेताओं को एक 'हवा-हवाई अड्डे' की जरूरत है, जहां से वो अपने झूठ की उड़ानें भर सकें। जनता का मजाक उड़ाना निंदनीय है, बदायूं की जनता इसका जवाब अगले चुनाव में भाजपा को हराकर देगी।

उप मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए एक्स पर लिखा, "जिस दिन से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह यादव ने शपथ लिया। सपा बहादुर अखिलेश यावद का पीडीए (परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी) के सदस्य बहुत उखड़े-उखड़े हैं। सैफई हवाई अड्डा बन सकता है तो बदांयू में क्यों नहीं! सपा बहादुर अखिलेश यादव मुद्दा विहीन हैं।"

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की, जिस पर शिवपाल यादव ने उन्हें करारा जवाब दिया है। शिवपाल यादव ने पलटवार करते हुए करारा जवाब दिया, "हम समाजवादी लोग तो चाहते हैं कि आप उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में हवाई अड्डा बनवा दें। लेकिन, इसके पहले आप कौशांबी में एक हवाई पट्टी भी बना दें, अगर आपकी सरकार में सुनी जा रही है तो? वैसे भी पूरे प्रदेश में सड़क पर चलते हुए 'हवाई' सफर का अहसास तो हो ही रहा है सरकार।"

बता दें कि केशव प्रसाद मौर्य बदायूं गए हुए थे, वहां पर उन्होंने लोगों से उनकी समस्याएं पूछी तो लोगों ने रोडवेज की समस्या उनके समक्ष रखी। केशव ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यहां पर बस अड्डा नहीं, यहां पर हम हवाई अड्डा बनवाएंगे। इसके बाद वो अपनी कार में बैठकर चले गए। उनका यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article