लखनऊ

UP News: बरेली में एक लाख के इनामी बदमाश का पुलिस ने किया एनकाउंटर, हत्या और डकैती के मामले में था फरार

UP News: यूपी के बरेली जिले में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक लाख के इनामी बदमाश इफ्तेखार को एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर हत्या और डकैती के कई मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

Image

बरेली में एक लाख के इनामी बदमाश का पुलिस ने किया एनकाउंटर (Photo- iStock)

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस की टीम ने एक कुख्यात बदमाश को एनकाउंटर में मार गिराया। जानकारी के अनुसार, बदमाश पर एक लाख रुपए के इनाम था। कुख्यात अपराधी की पहचान इफ्तेखार के रूप में हुई है। गुरुवार तड़के उसे एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस और बदमाश की मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इफ्तेखार नैनीताल रोड पर बिलवा पुल के पास मौजूद है। इस सूचना के आधार पर विशेष अभियान दस्ता (एसओजी) और स्थानीय थानों की संयुक्त टीम ने उसे घेर लिया। बदमाश ने खुद को घिरता हुआ देख पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।

हत्या और डकैती के कई मामलों में था फरार

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि 2024 में बिथरी थाना क्षेत्र में हुई एक डकैती की घटना में इफ्तेखार मुख्य आरोपी था, जिस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या, डकैती समेत सात जिलों में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। वह 2012 में बाराबंकी में पुलिस हिरासत से फरार हो गया था और 2006 में बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक पुजारी की हत्या व डकैती के मामले में भी वांछित था। मौके से पुलिस ने पिस्टल, कारतूस, बाइक, मोबाइल व नकदी बरामद की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इफ्तेखार लंबे समय से फरार था और गैंगस्टर की तरह सक्रिय था। एसएसपी ने कहा कि उसके फरार साथी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

मुजफ्फरनगर में इनामी बदमाश का एनकाउंटर

इससे पहले 4 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में परसोली के जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख रुपए के इनामी बदमाश मेहताब को ढेर किया था। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल भी घायल हुए थे। पुलिस को मौके से एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा, 9 एमएम की पिस्टल, एक 38 बोर का रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा, 14 सितंबर 2025 को बुढ़ाना के सर्राफा व्यापारी नेमचंद वर्मा और उनके पोते शिवम से लूटी गई लगभग डेढ़ किलो चांदी, तीन तोला सोना और 4 हजार रुपये बरामद किए गए।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article