Bahraich Boat Accident: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ, जिसमें कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई। यह घटना सुजौली थाना क्षेत्र के कतर्नियाघाट के ट्रांस गेरुआ जंगल स्थित भरथापुर गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि भरथापुर गांव गेरुआ नदी के उस पार घने जंगलों के बीच बसा हुआ है, जहां के लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पड़ोसी जिले लखीमपुर खीरी के खैरटिया गांव तक नाव से आवागमन करते हैं। बुधवार की शाम करीब 6 बजे भरथापुर गांव के लोग खैरटिया बाजार से खरीदारी कर नाव से लौट रहे थे। रास्ते में नाव एक लकड़ी के लट्ठे से टकरा गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई।
घटना के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। इसी बीच, एक महिला का शव बरामद हुआ है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। बहराइच के पुलिस अधीक्षक आर.एन. सिंह ने बताया कि दुर्घटना भरथापुर गांव के पास घने जंगल वाले क्षेत्र में हुई है। लखीमपुर खीरी जिले के हरतिया बाजार की ओर जा रहे ग्रामीणों की नाव लकड़ी से टकराकर पलट गई थी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नाव में 22 लोग सवार थे, जिनमें से 13 को बचा लिया गया है, एक की मौत हो गई है और 8 लोग अभी लापता हैं। तेज बहाव और घनघोर अंधेरे के कारण राहत व बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं, लेकिन प्रशासन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। स्थानीय प्रशासन को उम्मीद है कि लापता लोगों का जल्द पता लगा लिया जाएगा।
