लखनऊ

बलरामपुर में दर्दनाक हादसा, कार ने ई-रिक्शे को मारी जोरदार टक्कर, 2 की मौत और 5 घायल

Balrampur Road Accident: यूपी के बलरामपुर में एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और 5 लोग गंभीर रूप से घायल है। घायलों को अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Image

बलरामपुर में दर्दनाक हादसा (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत)

Balrampur Road Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां बढ़नी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक कार की टक्कर लगने से ई रिक्शा में सवार दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।

कार ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर

पुलिस के अनुसार, बलरामपुर से बढ़नी की तरफ आ रही एक अर्टिगा कार ने शंकरपुर चौराहे की तरफ जा रहे सवारियों से भरे एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे शंकरपुर निवासी मुस्तफा (45) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कल्ब हुसैन (70) ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत पांच लोगों को चोट आई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तुलसीपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बृज नंदन राय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और हादसे की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक राकेश यादव ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की और सरकार से मृतक के आश्रितों को 10-10 लाख एवं घायलों को दो-दो लाख रुपये सहायता देने की मांग की।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!