लखनऊ

अयोध्या के राम मंदिर में राम दरबार और परिसर के अन्य मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा मंगलवार से, तैयारियां पूरी

अयोध्या के राम मंदिर में राम दरबार और परिसर के बाकी मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा मंगलवार से होगी, जिसकी तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं। 5 जून तक चलने वाले इस आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सोमवार को राम मंदिर के शिखर पर स्वर्ण कलश जड़ा गया, 5 तारीख को प्राण प्रतिष्ठा का दूसरा पर्व होगा

Image

मंगलवार से शुरू होगा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का दूसरा अध्याय

Photo : Twitter

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के भव्य राम मंदिर के राम दरबार और परिसर के अन्य मंदिरों में मंगलवार से शुरू हो रहे प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राम दरबार की स्थापना सहित परकोटे में स्थित छह अन्य मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। यह समारोह 5 जून को गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर अपने चरम पर पहुंचेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई VVIP शामिल होंगे।

सुरक्षा चाक-चौबंद

पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि भव्य राम मंदिर के राम दरबार और परिसर के अन्य मंदिरों में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए एक अभेद्य सुरक्षा और प्रबंधन योजना तैयार की गई है।

सोमवार शाम से ही उप्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) के कमांडो ने आधा दर्जन बख्तरबंद वाहनों के साथ ‘रेड जोन’ में मंदिर परिसर की सुरक्षा की कमान संभाल ली है। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव ग्रोवर ने बताया कि मंदिर परिसर में चौबीसों घंटे निगरानी की योजना बनाई गई है, जिसके तहत तीन पालियों में कमांडो को तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री सहित कई VIP होंगे शामिल

राम मंदिर के गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा के बाद, जब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम दरबार और परिसर के अन्य मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की योजना बनाई है। बयान के अनुसार, इस ऐतिहासिक अवसर पर राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की स्थापना सहित परकोटे में स्थित छह अन्य मंदिरों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई VIP मेहमान शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस समारोह में चार प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य अनुष्ठान के अलावा मां सरयू त्रयोदशी जन्मोत्सव, ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुष्प वाटिका में पौधारोपण और सरयू महोत्सव में भी शामिल होंगे। SSP ने कहा, "हमारे लिए VIP के अलावा सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। सभी सुरक्षा उपकरणों के साथ हमारे जवान तैनात किए जाएंगे। हर जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ATS और STF की टीमें भी तैनात की गई हैं।"

राम दरबार की होगी प्राण-प्रतिष्ठा

बयान में कहा गया कि अनुष्ठान की शुरुआत सोमवार शाम सरयू तट से भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुई। यह यात्रा वीणा चौक, रामपथ, सिंगार हाट और रंग महल बैरियर से होते हुए राम जन्मभूमि मंदिर परिसर पहुंची। तीन और चार जून को सुबह 6:30 बजे से 12 घंटे तक अनुष्ठान होंगे, जिसमें 1975 मंत्रों के साथ अग्नि देवता को आहुति दी जाएगी। इसके साथ ही हनुमान चालीसा आदि का पाठ किया जाएगा। मुख्य समारोह पांच जून को होगा, जिसमें राम दरबार (श्री राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान) की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के साथ-साथ छह अन्य मंदिरों में देव प्रतिमाओं की स्थापना होगी।

श्रद्धालुओं से अपील

ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने एक बयान में लोगों से अपील की है कि वे प्राण प्रतिष्ठा समारोह की खबर सुनकर अयोध्या न आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ रामलला के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालु ही अयोध्या आएं। राम दरबार और किला परिसर में बने मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा 5 जून को होनी है।

आपात स्थिति की भी तैयारी

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। फुंडे ने बताया कि गर्मी और लू को ध्यान में रखते हुए छाया और पेयजल की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने सभी अस्पतालों में 10-10 बेड विशेष रूप से आरक्षित करा दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।

पहली वर्षगांठ पर आए थे लाखों श्रद्धालु

11 जनवरी 2025 को प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भी तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन किया गया था, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु शामिल हुए थे। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गयी थी।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!