शहर

उद्घाटन को तैयार है Lucknow Kanpur Expressway! 275 रुपये हो सकता है टोल

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन जून के पहले दो हफ्तों में हो सकता है। इस 63 किमी लंबे एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों के बीच सफर मात्र 40-45 मिनट में पूरा हो जाएगा।

Image

जल्द आ सकती है लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की डेट

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के बाद उत्तर प्रदेश के लोगों को अब जल्द ही एक एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने वाली है। राजधानी लखनऊ और कानपुर को जोड़ने वाला 63 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे (Lucknow Kanpur Expressway) बनकर तैयार है। उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने यानी जून के पहले दो हफ्तों के दौरान उसे आम वाहनों के लिए खोला जा सकता है। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं। बता दें कि इस परियोजना के शुरू होने से उत्तर प्रदेश के दोनों प्रमुख शहरों के बीच सफर का समय करीब दो घंटे से घटकर महज 40-45 मिनट का रह जाएगा।

छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे को नेशनल एक्सप्रेसवे-6 नाम दिया गया है। इस सड़क परियोजना का निर्माण लगभग 3,700 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। एक्सप्रेसवे को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यानी इस एक्सप्रेसवे पर आप 120 की रफ्तार से फर्राटा भर पाएंगे। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम सफर का अनुभव मिलेगा।

PMO ने ली जानकारी

सूत्रों के मुताबिक हाल ही में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) से परियोजना की जानकारी मांगी थी। जिसके बाद मंत्रालय ने लखनऊ स्थित NHAI के यूपी वेस्ट रीजनल ऑफिस से संपर्क किया था। तभी से एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो चुकी हैं।

यहां पर होगा उद्घाटन कार्यक्रम

कहा जा रहा है कि एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का सार्वजनिक कार्यक्रम उन्नाव के अमरस गांव में आयोजित हो सकता है। बता दें कि यह स्थान एक्सप्रेसवे के शुरुआती बिंदु से लगभग 51 किलोमीटर दूर है। यहां यात्रियों के लिए वे-सााइड एमेनिटी विकसित की जा रही है और पर्याप्त खाली जगह भी उपलब्ध है, जिससे बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करना आसान होगा।

लगाया गया बैरियर-लेस टोल सिस्टम

एक्सप्रेसवे की खास बात इसका आधुनिक टोल सिस्टम भी है। लखनऊ से एंट्री करने वाले वाहन मालिकों को यहां पर बैरियर-लेस और लेन-फ्री टोल सिस्टम का अनुभव मिलेगा। हालांकि, कानपुर और अन्य चार एंट्री-एग्जिट रैंप से आने-जाने वाले वाहनों को पारंपरिक टोल प्लाजा से गुजरना होगा।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर कितना टोल लगेगा?

इस 63 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर सफर करने के लिए कार ड्राइवरों को लगभग 275 रुपये टोल चुकाना होगा। एक्सप्रेसवे लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित मीरनपुर पिनवत गांव से शुरू होकर उन्नाव के अता गांव तक जाएगा। इसके बाद वाहन चालकों को कानपुर पहुंचने के लिए जाजमऊ गंगा पुल तक करीब 5.5 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना होगा।

अधिकारियों के अनुसार अंतिम आधिकारिक आदेश का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद यह हाई-स्पीड एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें