Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने सोमवार को पूरे शहर में दहशत फैला दी। अब तक इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इस भयावह हादसे पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि, ""अभी कुल 13 बच्चों को बाहर निकाला गया है। उन सभी को अस्पताल भेज दिया गया है।" उन्होंने कहा कि यहा एक बड़ी घटना है। डिप्टी सीएम ने जानकारी देते हुए कहा कि, "अंदर धुआं भरा हुआ है। हर चीज को हटाकर और चेक किया जा रहा है। हर कमरे की तलाशी ली जा रही है। अंदर लकड़ी का बहुत सारा फर्नीचर था और उस फर्नीचर से निकले धुएं के कारण कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था।
एनिमेशन सेंटर में लगी भयानक आग
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि, "फायर ब्रिगेड की टीम अभी कोचिंग सेंटर के अंदर हैं। साथ ही साथ NDRF की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। आग अचानक लगी।" उन्होंने बताया कि यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना सीखते थे। ब्रजेश पाठक ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है कि घटना की शुरूआत कैसे हुई? फिलहाल घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है, जिनकी उम्र लगभग 16-17 साल बताई जा रही है।
घटना की हाई लेवल जांच के आदेश
वहीं घटना की हाई लेवल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर संज्ञान लिया और अपने आगामी दौरे रद्द कर लखनऊ लौटने का फैसला किया। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों और घायलों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और राहत राशि का ऐलान किया।
मन को व्यथित करने वाला हादसा
रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने अपने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि, "लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ है, जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताते एक्स पर पोस्ट किया कि, "लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे
सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी हादसे में जान गंवाने लोगों के प्रति अपनी संवेदना जताई। इन्होंने एक्स पर लिखा कि, "लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।
