शहर

Kanpur: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर काल बनकर दौड़ी बस! ट्रक से भिड़ंत के बाद दो यात्रियों की मौत

कानपुर में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के तेज रफ्तार डबल-डेकर बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद आने के चलते हादसा होने की आशंका जताई गई है।

Image

फाइल फोटो

Kanpur Accident News: कानपुर में सोमवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण रोड एक्सीडेंट हो गया। पटना से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार डबल-डेकर बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।

यह हादसा कानपुर में बिल्हौर इलाके के अरौल टोल प्लाजा के नजदीक सुबह लगभग 4:30 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, बस तेज रफ्तार से चल रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरा ट्रक ही पलट गया और बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे कई यात्री बस के अंदर फंस गए। बताया जा रहा है कि ट्रक सिलीगुड़ी से सहारनपुर जा रहा था। वहीं बस पटना से दिल्ली जा रही थी।

बस का अगला हिस्सा पूरी तरह तबाह

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में बिहार निवासी नीरज, बबलू और रितेश गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान नीरज (30) और बबलू (32) की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

ड्राइवर की झपकी बनी हादसे की वजह?

बिल्हौर के सहायक पुलिस आयुक्त मनजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है। जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। हादसे के बाद क्रेन और अन्य मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाया गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को बहाल किया गया। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!