शहर

LPU में प्रदर्शन के बाद NH-44 से हटा जाम, यातायात बहाल, कैंपस के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

पंजाब के फगवाड़ा में LPU छात्रों द्वारा 15 घंटे से अधिक समय तक रोके गए NH-44 पर सोमवार को यातायात बहाल हो गया। पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। छात्रा से कथित दुष्कर्म के आरोपों के बाद प्रदर्शन और हिंसा हुई थी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर SIT गठित की है।

Image

LPU में प्रदर्शन के बाद NH-44 पर यातायात बहाल

Photo : ANI

LPU Student Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्रों द्वारा पिछले 15 घंटे से अधिक समय से नेशनल हाईवे-44 पर लगाए गए जाम को खत्म करा दिया गया है। इसके साथ ही हाईवे पर यातायात को भी सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण और शांतिपूर्ण है। यूनिवर्सिटी के बाहर सोमवार सुबह भी पुलिस बल तैनात रहा।

परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

रविवार को एलपीयू (LPU) के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि किसी बाहरी व्यक्ति ने विश्वविद्यालय परिसर के अंदर एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ की और विश्वविद्यालय के बाहर नई दिल्ली-अमृतसर हाईवे के एक हिस्से को भी जाम कर दिया। जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को हाईवे पर यातायात फिर से शुरू कर दिया गया। सोमवार सुबह भी एलपीयू परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात नजर आया।

रविवार शाम भड़की थी हिंसा और पथराव

रविवार शाम प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पानी की बोतलें फेंकीं और पुलिस वाहनों पर पथराव किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस प्रदर्शनकारियों को NH-44 से हटाने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी परिसर के अंदर चले गए। अधिकारियों का कहना है कि परिसर में पहुंचने के बाद भी छात्रों ने पुलिस पर पथराव जारी रखा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रविवार देर रात एडीजीपी एम.एफ. फारूकी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल विश्वविद्यालय परिसर के अंदर दाखिल हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने परिसर में एक फ्लैग मार्च भी निकाला। इस संयुक्त कार्रवाई में जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, डीआईजी (जालंधर रेंज) नवीन सिंगला और कपूरथला के एसएसपी गौरव तूर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

पुलिस की कार्रवाई और एसआईटी का गठन

इस बीच, पुलिस ने रविवार को बताया था कि छात्रों की शिकायत पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए एक एसआईटी (SIT) का भी गठन किया गया है। हालांकि, विश्वविद्यालय ने परिसर में इस तरह की किसी भी घटना होने के दावों को महज "अफवाह" करार दिया है।

10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित, परीक्षाएं टलीं

LPU प्रशासन ने सोमवार से 10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। मिडटर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं। विश्वविद्यालय ने छात्रों को इस अवधि में अपने माता-पिता या अभिभावकों से सलाह लेकर घर जाने की अनुमति दी है। विश्वविद्यालय ने कैंपस में रुकने वाले छात्रों से अपने हॉस्टल या आवासों के अंदर रहने और किसी भी तरह की अशांति में शामिल होने से बचने की सलाह दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article