चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा में बुधवार को एलपीजी किल्लत के मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार के लाल चंद कटारूचक्क द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ एक निंदा प्रस्ताव लाया गया है। इस दौरान पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारुचक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब भारत और पंजाब में भी दिखाई देने लगा है। मंत्री ने सदन में बताया कि इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके चलते कई जगहों पर गैस सिलेंडरों की सप्लाई में दिक्कतें सामने आने लगी हैं। इसलिए आज सदन में निंदा प्रस्ताव पेश लाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ रहा है और इसका प्रभाव आम लोगों तक भी पहुंच सकता है। इस प्रस्ताव को वोटिंग के लिए रखा गया। अब इस निंदा प्रस्ताव पर वीरवार को विधानसभा में मतदान होगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा को गैस की हो रही आपूर्ति
इस प्रस्ताव पर बोलते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस कहा कि कि पूरे देश में एलपीजी को लेकर जो किल्लत हो रही है। उसकी सही जानकारी केंद्र सरकार के द्वारा ना तो जनता को दी जा रही है और ना ही राज्य सरकारों को। हरजोत बैंस ने कहा कि पंजाब के नंगल और भटिंडा में स्थित NFL के फर्टिलाइजर प्लांट्स गैस ना मिल पाने के कारण बंद हो चुके हैं, जबकि बीजेपी शासित हरियाणा के फर्टिलाइजर प्लांट को पूरी गैस दी जा रही है, जोकि ये दिखाता है कि केंद्र सरकार ऐसे वक्त में भी दोहरी राजनीति कर रही है।
हरजोत बैंस ने कहा कि पंजाब के दोनों NFL प्लांट्स बंद होने के बाद पूरे प्रदेश में और देश के कई हिस्सों में यूरिया की बड़ी किल्लत हो सकती है जिससे किसानों की समस्या बढ़ सकती है। इसी वजह से केंद्र सरकार के खिलाफ एक निंदा प्रस्ताव पंजाब विधानसभा में लाया गया है इस प्रस्ताव पर गुरुवार को चर्चा होगी।
