LPG crisis in Delhi : दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में पुलिस ने एलपीजी गैस की अवैध बिक्री के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना जामिया नगर की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 62 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। साथ ही, सिलेंडर ढोने में इस्तेमाल हो रहा एक टाटा ऐस वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च 2026 को बीट पेट्रोलिंग के दौरान गली नंबर 39, यमुना पुस्ता इलाके में एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में टाटा ऐस वाहन के पास खड़ा मिला। वाहन में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर लदे हुए थे। जब पुलिस ने उससे लाइसेंस या अनुमति मांगी तो वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका।
48 भरे हुए और 14 इस्तेमाल किए हुए सिलेंडर मिले
जांच में वाहन से कुल 62 सिलेंडर मिले, जिनमें 48 भरे हुए और 14 इस्तेमाल किए हुए थे। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह बिना किसी रसीद या पर्ची के इलाके में महंगे दामों पर सिलेंडर बेच रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय शहनवाज के रूप में हुई है, जो जामिया नगर के जोगा बाई एक्सटेंशन का रहने वाला है और मूल रूप से मेरठ का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार चला रहा था।
दिल्ली लाए जाते थे सिलेंडर
आरोपी ने बताया कि सिलेंडर मेरठ के ललियानी गांव के पास से जुटाए जाते थे और सुनसान जगह पर एक वाहन से दूसरे वाहन में शिफ्ट कर दिल्ली लाए जाते थे। इसके बाद जामिया नगर इलाके में उन्हें ज्यादा दाम पर बेचा जाता था। इस मामले में थाना जामिया नगर में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब फरार सह-आरोपी मुकेश की तलाश में जुटी है।
डीसीपी साउथ ईस्ट डॉक्टर हेमंत तिवारी का कहना है कि इस कार्रवाई से इलाके में गैस की काला बाजारी पर रोक लगेगी और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी है।
