शहर

सरप्राइज प्रपोजल की आड़ में मौत का खेल; सात फेरों के लिए नहीं हुआ प्रेमी राजी, प्रेमिका ने कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया

बेंगलुरु के अंजनापुरा इलाके से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम संबंध में आई कड़वाहट ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Image

बेंगलुरु में सनसनीखेज हत्याकांड (AI Image)

Bengaluru Boyfriend Murder Case: बेंगलुरु के अंजनापुरा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध में हुई अनबन ने खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय किरण की उसकी ही महिला साथी प्रेरणा ने बेहद क्रूर तरीके से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, किरण और प्रेरणा एक टेलीकॉम कंपनी में साथ काम करते थे और पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन हाल के समय में रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि प्रेरणा इस बात से नाराज थी कि किरण उससे दूरी बना रहा था और शादी के लिए तैयार नहीं था।

सरप्राइज का झांसा देकर किया भयावह काम

इसी गुस्से और बदले की भावना में प्रेरणा ने कथित तौर पर एक साजिश रची। उसने किरण को यह कहकर अपने घर बुलाया कि वह उसे एक खास अंदाज में सरप्राइज प्रपोजल देना चाहती है। सुबह करीब 10 बजे जब किरण वहां पहुंचा, तो प्रेरणा ने उसे बातचीत में उलझाया और फिर आंखों पर पट्टी बांधकर उसे कुर्सी से रस्सियों से बांध दिया। किरण को लगा कि यह कोई सरप्राइज है, इसलिए उसने विरोध नहीं किया। लेकिन इसके बाद स्थिति भयावह हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रेरणा ने पहले से तैयार पेट्रोल उस पर डालकर आग लगा दी। हाथ-पैर बंधे होने के कारण किरण खुद को बचा नहीं सका और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पूरी वारदात मोबाइल फोन में रिकॉर्ड

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने इस पूरी वारदात को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया। घटना के बाद प्रेरणा ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि किरण ने खुद को आग लगाई थी। हालांकि, CCTV फुटेज और घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस को उसके बयान पर शक हुआ। सख्त पूछताछ में वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article