शहर

Lok Sabha Chunav Phase 1 Voting Uttarakhand: उत्तराखंड की सभी सीटों पर शुक्रवार को मतदान, जानें किन उम्मीदवारों के बीच है टक्कर

Lok Sabha Chunav Phase 1 Voting Tehri Garhwal, Garhwal, Almora-Pithoragarh, Nainital–Udhamsingh Nagar, Haridwar: उत्तराखंड में शुक्रवार यानी 19 अप्रैल को पहले चरण में सभी सीटों पर मतदान होना है। आइए जानते हैं कि किस सीट पर किन उम्मीदवारों के बीच टक्कर होने वाली है।

Image

ग्राफिक्स।

Photo : Times Now Digital

Lok Sabha Election 2024: देश में शुक्रवार यानी 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव का पहले चरण का मतदान होना है। पहले चरण में देशभर के 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। साथ ही पहले चरण में ही उत्तराखंड की सभी पांच लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। उत्तराखंड की टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अल्मोड़ा-पिथौरागढ़, नैनीताल-उधम सिंह नगर और हरिद्वार लोकसभा सीटों पर पहले चरण में शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। इसके लिए बुधवार को ही सभी सीटों पर प्रचार-प्रसार थम चुका है। वहीं, लोकतंत्र के इस महान पर्व में लोग ज्यादा से ज्यादा हिस्सा लें, इसके लिए सरकार ने 19 अप्रैल को राज्य में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। आइए जानते हैं कि उत्तराखंड की इन पांचों लोकसभा सीटों पर किन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होने वाला है और पिछले चुनाव में इन सीटों पर कैसा रिजल्ट था।

टिहरी गढ़वाल लोकसभा सीट

टिहरी गढ़वाल लोकसभा सीट उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों में से एक है। यह सीट काफी अहम माना जा रहा है। पिछले चुनाव यानी लोकसभा चुनाव 2019 में इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार माला राज्य लक्ष्मी शाह को जीत मिली थी। उन्हें 5,65,333 मत प्राप्त हुए थे। वहीं, उनकी विरोधी रही कांग्रेस उम्मीदवार प्रीतम सिंह को 2,64,747 वोट मिले थे, जिस वजह से भाजपा ने कांग्रेस को इस सीट पर करारी शिकस्त दी थी। इस बार इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार माला राज्यलक्ष्मी शाह और कांग्रेस उम्मीदवार जोत सिंह गुनसोला के बीच कड़ी टक्कर है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • माला राज्यलक्ष्मी शाह-भाजपा/NDA
  • जोत सिंह गुनसोला-कांग्रेस/INDIA
  • नेमचंद छुरियाल-बसपा
  • बॉबी पंवार- निर्दलीय
यह भी पढ़ेंः 102 लोकसभा सीटें, 19 अप्रैल को वोटिंग... थम गया प्रचार; जानें पहले चरण में कहां-कहां चुनाव

गढ़वाल लोकसभा सीट

गढ़वाल क्षेत्र को काफी सुंदर हिल स्टेशन माना जाता है। वैसा ही इस बार यहां का मुकाबला होने वाला है। इस सीट पर अगर हम पिछले चुनाव की बात करें तो लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा प्रत्याशी तीरथ सिंह रावत को जीत मिली थी। उन्होंने 5,06,980 मत प्राप्त किए थे। तीरथ सिंह रावत ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार मनीष खंडूरी को हराया था। मनीष खंडूरी को 2019 में 2,04,311 वोट मिले थे। वहीं, लोकसभा चुनाव 2024 में गढ़वाल सीट से भाजपा ने राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी को उतारा है, जिनका मुकाबला उत्तराखंड कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से होगा।

प्रमुख उम्मीदवार

  • अनिल बलूनी-भाजपा/NDA
  • गणेश गोदियाल-कांग्रेस/INDIA

अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट

उत्तराखंड की अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट काफी अहम माना जाता है। इस सीट के तहत 13 विधानसभा शामिल हैं। अगर इस सीट पर हम बात करें पिछले चुनाव की तो 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के अजय टम्टा ने कांग्रेस के प्रदीप टम्टा को हराया था। अजय टम्टा को 4,44,651 वोट मिले थे। वहीं, प्रदीप टम्टा को 2,11,665 मत प्राप्त हुए थे। इस बार के चुनाव में भी भाजपा ने अजय टम्टा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने भी प्रदीप टम्टा को टिकट दिया है। इन दोनों के बीच इस बार कड़ा मुकाबला होने वाला है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • अजय टम्टा-भाजपा/NDA
  • प्रदीप टम्टा-कांग्रेस/INDIA
  • नारायण-बसपा
यह भी पढ़ेंः Loksabha Chunav: पहले चरण में 102 सीटों पर मतदान, जानें कितनी सीटों पर कांग्रेस लड़ रही चुनाव

नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट

उधम सिंह नगर लोकसभा सीट 2008 से पहले नैनीताल लोकसभा सीट का हिस्सा था। 2008 के परिसीमन के बाद यह सीट अस्तित्व में आई थी। इस सीट में दो जिलों के 15 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। अगर इस सीट पर हम पिछले चुनाव की बात करें तो 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा उम्मीदवार अजय भट्ट ने जीत हासिल की थी। अजय भट्ट को 7,72,195 मत प्राप्त हुए थे। वहीं, कांग्रेस के हरीश रावत को 4,33,099 वोट मिले थे। इस बार भाजपा ने इस सीट से फिर से अजय भट्ट को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने प्रकाश जोशी को टिकट दिया है। इन दोनों के बीच मुकाबला होना है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • अजय भट्ट-भाजपा/NDA
  • प्रकाश जोशी-कांग्रेस/INDIA

हरिद्वार लोकसभा सीट

धर्मनगरी हरिद्वार की पहचान तीर्थ और पर्यटन क्षेत्र के रूप में होती है। इस वजह से इस सीट की अहमियत भी काफी बढ़ जाती है। हरिद्वार लोकसभा सीट पर 2019 में भाजपा के रमेश पोखरियाल ने जीत दर्ज की थी। उन्हें 6,65,674 वोट मिले थे। उनके विरोधी रहे कांग्रेस उम्मीदवार अंबरीश कुमार को 4,06,945 मत प्राप्त हुए थे। साथ ही तीसरे स्थान पर बसपा उम्मीदवार अंतरिक्ष सैनी रहे थे, जिन्हें 1,73,528 वोट मिले थे। भाजपा ने इस सीट से त्रिवेंद्र सिंह रावत को मैदान में उतारा है, तो वहीं कांग्रेस ने वीरेंद्र रावत को टिकट दिया है। इन दोनों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • त्रिवेंद्र सिंह रावत-भाजपा/NDA
  • वीरेंद्र रावत-कांग्रेस/INDIA
Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article