Kolkata Airport: कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह खराब मौसम के बीच बड़ा हादसा टल गया। अगरतला जाने वाले इंडिग(Indigo flight lightning strike) के एक यात्री विमान पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना के समय विमान में 141 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य मौजूद थे। हालांकि राहत की बात रही कि किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे विमान से रवाना किया गया। घटना में दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित हुए। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) एयरोब्रिज 56L पर खड़ी थी, तभी सुबह करीब 9:30 बजे अचानक विमान पर बिजली गिर गई। बिजली गिरने से विमान की विद्युत प्रणाली प्रभावित हुई और उसकी बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: हद हो गई! बिहार के बड़े अस्पताल के वार्ड में चल रही थी 'दारू पार्टी', कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में मिली देसी शराब
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच हुआ हादसा
घटना के समय कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही थी। एयरपोर्ट ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (AOCC) ने पहले ही खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया था।
यात्रियों को उतारा गया, दूसरे विमान से भेजा गया
एहतियात के तौर पर एयरलाइन ने सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला के लिए रवाना किया गया। यह उड़ान सुबह 9:20 बजे रवाना होनी थी, लेकिन घटना के कारण इसमें देरी हुई और विमान दोपहर 12:50 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुआ।
दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित
इंडिगो के अनुसार, बिजली गिरने की घटना में दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी मामूली रूप से प्रभावित हुए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
इस बीच, कोलकाता और आसपास के जिलों में लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ है।
