शहर

हद हो गई! बिहार के बड़े अस्पताल के वार्ड में चल रही थी 'दारू पार्टी', कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में मिली देसी शराब

Muzaffarpur Liquor Case: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित SKMCH अस्पताल के हड्डी रोग वार्ड में मरीज के परिजनों द्वारा शराब पीने का मामला सामने आया है। आरोपी सुरक्षा से बचने के लिए कोल्ड ड्रिंक की बोतल में देसी शराब छिपाकर लाते थे।

Image

बिहार के SKMCH अस्पताल में शर्मनाक मामला

Photo : iStock

Muzaffarpur Liquor Case: बिहार में शराबबंदी के बावजूद मुजफ्फरपुर स्थित उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) से एक बेहद हैरान करने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां इलाज कराने आए एक मरीज के परिजनों द्वारा अस्पताल के वार्ड के बाहर ही 'शराब पार्टी' करने का खुलासा हुआ है। आरोपी इतनी चालाकी से शराब अस्पताल के भीतर लाते थे कि गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगती थी।

कैसे आती थी अस्पताल में शराब?

जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के बेलसर इलाके के रहने वाले बबलू शर्मा SKMCH के हड्डी रोग वार्ड (वार्ड नंबर-2) में भर्ती हैं। आरोप है कि उनकी देखभाल के लिए अस्पताल में रुके उनके पिता चंदेश्वर ठाकुर और उनका भाई पिछले कई दिनों से अस्पताल परिसर में चोरी-छिपे देसी शराब ला रहे थे।

सुरक्षा जांच से बचने के लिए उन्होंने एक अनोखा तरीका निकाला था। वे देसी शराब को पानी, माजा और अन्य सॉफ्ट ड्रिंक की बोतलों में भरकर अस्पताल के भीतर लाते थे, ताकि किसी को जरा भी शक न हो। इसके बाद वे वार्ड के आसपास ही बैठकर बेखौफ होकर शराब का सेवन करते थे।

मरीजों की शिकायत पर एक्शन

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर शराब पीकर घूमने से वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों, वहां मौजूद महिलाओं और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रोज-रोज की इस हरकत से तंग आकर वार्ड के ही एक मरीज ने अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना दे दी।

शिकायत मिलते ही SKMCH ओपी पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर संदिग्धों के सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके झोले में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतल से देसी शराब बरामद हो गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मरीज के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी।

सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने अस्पताल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। SKMCH ओपी प्रभारी पिंटू कुमार ने बताया कि जब्त की गई शराब की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होने के बावजूद शराब अंदर कैसे पहुंच गई।

इस बीच, SKMCH के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने घटना की तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article