शहर

Kedarnath Yatra 2025: 3 दिन बाद केदारनाथ यात्रा फिर से हुई शुरू, श्रद्धालुओं को करना होगा 22 किमी तक पैदल आवागमन

केदारनाथ धाम की यात्रा तीन दिन की रुकावट के बाद एक बार फिर शुरू हो गई है। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच बाधित मार्ग को अस्थाई रूप से पैदल आवागमन के लिए खोल दिया गया है। हालांकि सड़क मार्ग पूरी तरह सुचारु न होने के कारण श्रद्धालुओं को 22 किलोमीटर पैदल यात्रा करनी पड़ रही है। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए यात्रा सावधानी से करने की अपील की है।

Image

केदारनाथ धाम (फोटो: Canva)

Kedarnath Yatra 2025 Update: भगवान केदारनाथ के भक्तों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। तीन दिन की रुकावट के बाद केदारनाथ धाम की यात्रा आज से एक बार फिर सुचारु हो गई है। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच बाधित चल रहे मार्ग को अस्थाई रूप से पैदल आवागमन के लिए दुरुस्त कर दिया गया है, जिससे यात्रियों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है। हालांकि सड़क मार्ग पूरी तरह से चालू नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को अभी भी अतिरिक्त 6 किलोमीटर सहित कुल 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी होगी।

उत्तराखंड में चल रही केदारनाथ यात्रा के दौरान भारी भीड़ और लगातार बदलते मौसम के कारण श्रद्धालुओं को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच सड़क बाधित होने के चलते पिछले तीन दिनों से यात्रा अस्थाई रूप से स्थगित थी। इस दौरान केवल केदारनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों को सुरक्षा बलों की सहायता से वैकल्पिक पैदल मार्ग से नीचे लाया जा रहा था। शनिवार को जब मुख्य मार्ग को पैदल चलने लायक बनाया गया, तब यात्रियों की आवाजाही फिर से शुरू की गई और सोनप्रयाग से ग्रुप में यात्रियों को गौरीकुंड होते हुए केदारनाथ भेजा गया।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए यात्रा में रुकावट

पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने जानकारी दी कि जब तक क्षतिग्रस्त स्थल पर वाहन संचालन शुरू नहीं होता, श्रद्धालुओं को करीब 22 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी होगी। बारिश की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा अस्थाई रूप से रोकी जा सकती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं। वहीं, लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग चौड़ीकरण का कार्य लगातार जारी है। गौरतलब यह भी है कि इन दिनों पहाड़ी राज्यों पर मानसून का कहर देखने को मिल रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!