कानपुर

Kanpur: क्षेत्रवासी कर रहे गंदे पानी की शिकायत, महिला पार्षद ने अधिकारियों की उतारी आरती

Kanpur: कानपुर नगर निगम की एक महिला पार्षद ने जलकल अधिशाषी अभियंता कार्यालय में आरती की। दरअसल, महिला पार्षद शानू कनौजिया के इलाके के लोग गंदे पानी की सप्लाई से परेशान हैं और उनकी कोई सुनवाई भी नहीं हो रही है। ऐसे में महिला पार्षद ने अनोखा कदम उठाकर जलकल अधिकारियों से पानी की सप्लाई को ठीक कराने की मांग की।

Image

गंदे पानी की हो रही सप्लाई

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • महिला पार्षद ने अधिकारी की कुर्सी पर गुड़ और घी चढ़ाया।
  • महिला पार्षद ने आरती उतारने के बाद 101 रुपये का चढ़ावा भी चढ़ाया।
  • मामले की महापौर से करेंगे शिकायत: महिला पार्षद।

Kanpur: कानपुर में एक अनोखा मामला देखने को मिला है जहां पर नगर निगम की महिला पार्षद ने जलकल अधिशाषी अभियंता कार्यालय में आरती की। साथ ही घी-गुड़ के साथ 101 रुपये का चढ़ावा भी चढ़ाया। दरअसल, इलाके के लोग गंदे पानी की सप्लाई से काफी ज्यादा आहत थे और उनकी परेशानियों का निवारण नहीं हो रहा था जिसको लेकर महिला पार्षद ने यह कदम उठाया।

क्या है पूरा मामला?

वार्ड 14 से पार्षद शानू कनौजिया ने अधिशासी अभियंता जलकल जोन-3 की पूजा अर्चना कर गंदे पानी की सप्लाई को ठीक कराने की मांग उठाई। हालांकि, महिला पार्षद के प्रदर्शन का अनोखा तरीका देख अधिशासी अभियंत सहित अन्य अधिकारी कुर्सी छोड़कर मौके से नौ दो ग्यारह हो गए।

अधिकारियों के गायब होने के बाद महिला पार्षद ने कुर्सी की आरती उतारी और गुड़-शुद्ध घी का भोग लगाया। साथ ही 101 रुपये भी चढ़ाए। महिला पार्षद का कहना है कि वह महापौर से इस मामले की शिकायत करेंगी

कहां-कहां आ रहा गंदा पानी

बता दें कि जूही गढ़, संत रविदास नगर, राखी मंडी और नया पूर्वा में सप्लाई से गंदा पानी आ रहा है। महिला पार्षद के मुताबिक, इन इलाकों में महीनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। जिस वजह से लोग दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि पूजा अर्चना के लिए भी गंदे पानी का ही इस्तेमाल करना पड़ रहा है।

'पुरानी लाइनों के लीकेज नहीं हो रहे ठीक'

बकौल महिला पार्षद, मेट्रो ने लाइन ट्रांसफर के नाम पर सीवर और पानी की लाइन को कई जगह पर क्षतिग्रस्त कर दिया और कई पुरानी लाइनों के लीकेज भी ठीक नहीं किए जा रहे हैं।

महिला पार्षद का कहना है कि इलाके में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि जलकल ने ओ ब्लॉक सब्जी मंडी में केडीए से मिली धनराशि से दो साल पहले ट्यूबवेल लगाया था, लेकिन वह आज तक चालू नहीं हो पाया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article