कानपुर

हिंदू बन शादी का झांसा देकर युवती से बनाए संबंध, गर्भवती होने पर बना रहा धर्म परिवर्तन का दबाव

विश्वास कैसे तोड़ा जाता है, इसे समझना हो तो सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों को पढ़ें। अक्सर सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती, शारीरिक संबंध बनाने या रेप और धोखे की कई खबरें आती हैं। कानपुर की एक युवती ऐसे ही धोखे का शिकार हुई। अमन बनकर इमरान ने उससे दोस्ती की और शादी का झांसा देकर संबंध बना लिए। अब धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा।

Image

सांकेतिक तस्वीर

Photo : PTI

कानपुर : आजकल के युवा असली रिश्तों से ज्यादा सोशल मीडिया के रिश्तों पर ध्यान देते हैं। सोशल मीडिया पर दोस्ती, क्लिक और लाइक से उनकी जिंदगी में खुशियां और गम तय होते हैं। लेकिन यही सोशल मीडिया उनके लिए कई बार बड़ी मुसीबत और जान के लिए खतरा भी बन जाता है। ताजा मामला कानपुर का है। यहां एक युवती की अमन नाम के एक युवक से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हो गई। अमन ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध भी बना लिए। जब युवती गर्भवती हो गई, तब अमन की हकीकत सामने आई।

दरअसल चार साल पहले युवती की इंस्टाग्राम के जरिए अमन से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती, प्यार में बदल गई और अमन ने युवती से शादी का वादा भी किया। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए और युवती गर्भवती हो गई। जब युवती दो माह की गर्भवती हो गई तो उसने अमन से शादी करने की बात कही। इसके बाद अमन ने अपना असली चेहरा युवती को दिखाया। दरअसल हिंदू नाम अमन रखकर मुस्लिम युवक इमरान युवती को झांसा दे रहा था। युवती के गर्भवती होने पर इमरान ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा और धमकी भी दी।

ऐसे युवती को अपने जाल में फंसाया

इस संबंध में सोमवार 8 जुलाई 2024 को युवती के परिजनों मे कानपुर के कर्नलगंज थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी युवक इमरान को गिरफ्तार भी कर लिया है। कर्नलगंज की निवासी युवती ने पुलिस को जानकारी दी की साल 2019 में उसके पास इंस्टाग्राम पर अमन नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे उसने ओके कर दिया था।

बाद में दोनों के बीच चैटिंग होने लगी और दोस्ती हो गई। युवती ने पुलिस को जानकारी दी, 'जब अमन पहली बार मिलने आया तो उसने बताया कि वह मंदिर से आ रहा है। उसने गेरुआ कुर्ता पहना हुआ था और माथे पर तिलक के साथ ही हाथ में कलावा भी बांधा हुआ था।' कुछ दिन बाद उसने युवती को शादी का झांसा दिया और अपने एक रिश्तेदार के घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया

जब युवती को पता चला कि वह दो माह की गर्भवती हो चुकी है तो उसने अमन से शादी करने को कहा। इस पर अमन ने सादी से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने युवती से कहा कि अगर वह शादी करना चाहती है तो अपना धर्म परिवर्तन कर ले। युवती ने बताया कि बात करने की कोशिश पर भी वह गाली-गलौज करने लगता और धमकी देने के साथ ही मारपीट करके भगा देता था।

आरोपी इमरान शातिर है, उसने सिर्फ हिंदू नाम रखकर ही युवती को नहीं फंसाया। बल्कि वह स्पोर्ट्स बाइक से चलता था और स्वयं को रेडीमेड कारोबारी बताता था। उस समय वह युवती पर खूब रुपये भी खर्च करता था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article