कानपुर

अजब चोरी का गजब मामला : चाबी बनवाई, ATM भी खोला; चुराए सिर्फ 6 हजार!

चोरी की कितनी ही घटनाओं के बारे में आज तक आपने सुना और पढ़ा होगा। एटीएम तोड़कर रुपये चुराने और एटीएम ही चुराकर ले जाने वाली घटनाओं के बारे में भी आपको जानकारी होगी। लेकिन कानपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें चोर ने चाबी से एटीएम खोला और सिर्फ 6 हजार रुपये चुराए।

Image

ATM में चोरी

Photo : Twitter

चोरी के आज तक आपने एक से बढ़कर एक मामले देखे होंगे। जिनमें लाखों रुपये से करोड़ों रुपये तक की चोरी हुई होगी। इसके अलावा आपने एटीएम (ATM) तोड़कर चोरी करने, एटीएम को ही उठाकर ले जाने के मामले भी कई सुने होंगे। लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है। यहां चोर ने बकायदा चाबी बनवाकर एटीएम खोल ली, लेकिन चोरी किए सिर्फ 6 हजार रुपये। चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला -

कानपुर के बिरहाना रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से चोरी हुई। जहां एटीएम रखी गई थी, वहां सीसीटीवी कैमरा लगा है। कैमरे में एक युवक का वीडियो कैद भी हुआ, जिसमें वह चाबी से मशीन खोलकर रुपये निकालता हुआ नजर आ रहा है। घटना सोमवार तड़के की बतायी जा रही है।

हेलमेट पहना हुआ था चोर

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर को पकड़ने के लिए पुलिस मशक्कत कर रही है। लेकिन उसने हेलमेट पहना हुआ था, इसलिए उसकी चेहरा स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। एटीएम से हुई चोरी में यह अनोखी बात नहीं है, अनोखी बात यह है कि बैंक प्रबंधन अभी तक यही तय नहीं कर पा रहा है कि चोर ने एटीएम से कितने रुपये चुराए।

पुलिस का कहना है कि बैंक प्रबंधन की तरफ बताया गया है कि एटीएम से सिर्फ 6 हजार रुपये ही चोरी हुए हैं। जबकि एटीएम की नीचे की ट्रे में रुपये भरे हुए थे और ऊपर की ट्रे में भी 10 हजार रुपये थे, जिसमें से चोर ने सिर्फ 6 हजार रुपये ही चुराए। क्यों है न अजब-गजब मामला! इसमें एक और गजब बात ये है कि जिस एटीएम में चोरी हुई, वह फूलबाग पुलिस चौकी के बहुत ही करीब है।

ATM में 5.80 लाख सुरक्षित

आश्चर्यजनक है कि ऊपर की ट्रे में से 6 हजार रुपये चुराकर चोर बाकी के चार हजार रुपये ऐसे ही छोड़ गया। इसके अलावा नीचे की ट्रे में लाखों रुपये रखे हुए थे। इस चोरी के संबंध में बैंक के ऑपरेशनल हेड ने फीलखाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हिंदी अखबार दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार पीलखाना थाना प्रभारी ने बताया, बैंक प्रबंधन का कहना है कि एटीएम में उनका 5.80 लाख रुपये बिल्कुल सुरक्षित है।

यक्ष प्रश्न

यक्ष प्रश्न ये है कि जब ATM में लाखों रुपये रखे हुए थे, चोर ने किसी तरह चाबी हासिल कर ATM खोल भी लिया था तो उसने सिर्फ 6 हजार रुपये ही क्यों चुराए? मान लें कि उसे नीचे की प्लेट जिसमें लाखों रुपये थे उसके बारे में जानकारी नहीं थी, तो उसने ऊपर की प्लेट से सिर्फ 6 हजार रुपये निकालकर बाकी के 4 हजार रुपये वहीं क्यों छोड़ दिए? क्या चोर को सिर्फ 6 हजार रुपये की ही जरूरत थी? क्या वह चोर होकर भी इतना ईमानदार था कि अपनी जरूरतभर का रुपया चुरा ले गया?
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article