Fatehpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 17 वर्षीय एक किशोरी सहित दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे।
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब श्रद्धालु प्रतापगढ़ स्थित मनगढ़ धाम में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने जानकारी दी कि घायल श्रद्धालुओं को तुरंत खागा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां सुधीर पटेल (38) और सपना (17) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बाकी गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
डंपर ड्राइवर की तलाश जारी
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक की पहचान की जा चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। हादसे में बाल-बाल बची खुशबू (18) ने पुलिस को बताया कि डंपर तेज गति से आ रहा था और उसने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी। पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल हुए अन्य लोगों में शिवा (6), पुष्पा (35), रवींद्र (70), तोता देवी (50), माया (8), धनंजय (38), काजल (17), श्याम (35), शिवराम (40), शिव देवी (62), शिवानी (11) और सुधा पटेल (42) शामिल हैं।
(इनपुट - भाषा)
