कानपुर

Kanpur: आठ फुट गहरी सुरंग खोद बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम से 94 लाख के गहने कर दिए पार, हड़कंप

Kanpur SBI Bank Robbery: कानपुर के सचेंडी थानाक्षेत्र के स्थित एसबीआई बैंक भौंती शाखा से चोरों ने करीब 94 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी कर लिए। ये शातिर अपराधी करीब आठ फीट लंबी सुरंग खोदकर बैंक में घुसे थे। पुलिस को शक है कि इस वारदात को पेशेवर अपराधियों ने पूरी साजिश के साथ अंजाम दिया। पूरे मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।

Image

Kanpur: आठ फुट गहरी सुरंग खोद बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम से 94 लाख के गहने कर दिए पार, हड़कंप

KEY HIGHLIGHTS
  • एसबीआई बैंक की भौंती शाखा में सुरंग खोदकर हुई चोरी
  • चोरों ने आठ फीट लंबी और तीन फीट चौड़ी सुरंग स्‍ट्रांग रूम तक खोदी
  • पुलिस को शक 5 से अधिक पेशेवर अपराधियों ने किया वारदात


Kanpur SBI Bank Robbery: कानपुर के एक बैंक से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सचेंडी थाना क्षेत्र के भौंती में स्थित एसबीआई बैंक के स्ट्रांग रूम से चोरों ने करीब 94 लाख रुपये पार कर दिए। चोर वीरवार रात को करीब आठ फीट लंबी सुरंग खोदकर बैंक में घुसे थे। इस चोरी की जानकारी तब मिली, जब शुक्रवार सुबह बैंककर्मी ऑफिस पहुंचे। बैंक में सुरंग देख बैंककर्मी दंग रह गए। तत्‍काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ पहुंचकर जांच कर सबूत एकत्रित किए। बताया जा रहा है कि स्ट्रांग रूम के लॉकर से कुछ फिंगरप्रिंट मिले हैं, हालांकि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर कैद नहीं हुए हैं।

एसबीआई बैंक मैनेजर नीरज राय ने बताया कि, चोरों ने बैंक के बगल में मौजूद एक खाली प्लॉट में उगी झाड़ियों के बीच से सुरंग खोदनी शुरू की। यह सुरंग तीन मीटर गहरी और करीब आठ फीट लंबी है। चोर इस सुरंग से सीधे बैंक के स्ट्रांग रूम में दाखिल हुए। इससे पता चलता है कि चोरों ने पहले से ही रेकी कर पूरा प्‍लान तैयार किया था। चोर बैंक का गोल्ड वॉल्ट तोड़कर उसमें रखा करीब 1.812 किलो के सोने के जेवर चोरी कर ले गए हैं। इसकी कीमत 94 लाख रुपए के करीब बताई जा रही है। बैंक मैनेजर के अनुसार, चोरी हुए ये गहने 29 ग्राहकों के हैं। इन ग्राहकों ने सोना गिरवी रखकर लोन लिया था।

शातिर और पेशेवर अपराधियों ने पूरी प्‍लानिंग के साथ की वारदात

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने भी बैंक पहुंचकर जांच पड़ताल की। डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक के जांच में पता चला है कि, इस पूरी वारदात को शातिर और पेशेवर अपराधियों ने पूरी प्‍लानिंग के साथ अंजाम दिया। इन अपराधियों के पास बैंक की पूरी जानकारी थी। ये सुरंग के माध्‍यम से सीधे बैंक के स्ट्रांग रूम में पहुंचे। जिसकी वजह से बैंक का अलार्म नहीं बजा।

अब पुलिस बैंक की सीसीटीवी फुटेज के माध्‍यम से ऐसे लोगों को पहचानने की कोशिश कर रही है, जो बगैर किसी काम के बैंक में कई बार आए-गए हों। बताया जा रहा है कि इस बैंक में 11 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इसमें से चार कैमरे स्ट्रांग रूम की तरफ लगे हैं। चोरों ने अंदर घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों के मुंह मोड़ दिए। जिसकी वजह से शातिर कैमरे में कैद नहीं हो पाए। पुलिस को शक है कि चोरी की इस वारदात को 5 से अधिक आरोपियों ने अंजाम दिया। पूरे मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है।

Times Now Digital
Times Now Digitalauthor

Professionals & enthusiasts who write about politics to science, from economy to education, from local issues to national events and global affairs, they have you covered.

और पढ़ें
End of Article