Kanpur News: कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण और मानक विहीन कई निजी अस्पताल चल रहे हैं। इन अस्पतालों में मरीजों की जान से खिलवाड़ हो रहा है। इन अस्पताल के संचालकों को राजनेताओं से लेकर महकमे के अफसरों और कर्मचारियों का संरक्षण मिला हुआ है। यही वजह है इनकी कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जाती है। जिसे लेकर 20 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग ने बिना पंजीकरण के निजी अस्पताल संचालकों के खिलाफ अभियान चलाया था, उसमें कुछ के आपरेशन थियेटर (OT) और इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) सील किए गए थे, जबकि कुछ निजी अस्पतालों को बंद कराया गया था। यहां कई ऐसे अस्पताल हैं, जिनके ओटी और आईसीयू सील किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
इन अस्पतालों की जांच के लिए मंगलवार को न्यूज चैनल जागरण की टीम ने जब जांच पड़ताल के लिए यहां के न्यू शिवली रोड स्थित मां दुर्गा हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर से अनजान बनकर पूछा कि - भैया हमारे मरीज का आपरेशन होना है, आपके यहां हो जाएगा? अखबार में पढ़ा था कि ओटी और आइसीयू सील है।
मरीज लाओ, ऑपरेशन हम करेंगे
इसपर बड़ी सी कुर्सी पर बैठा संचालक उनसे बोल पड़ा कि हमारा अस्पताल कोई सील नहीं करता है। मरीज लाओ ऑपरेशन हम करेंगे। यहां किसी से डरने की जरूरत नहीं है। मेरी ऊपर तक सेटिंग है।
सील किए गए अस्पतालों में हो रहा इलाज
आपको बता दें कि कल्याणपुर के न्यू शिवली रोड पर अभियान चलाकर बिना मानक के अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्पष्ट निर्देश है कि मानक पूरे करने वाले निजी अस्पतालों का ही पंजीकरण और नवीनीकरण किया जाए। निजी अस्पताल संचालक जबरन सील खोलकर इलाज कर रहे हैं तो उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
ओटी-आईसीयू बंद, फिर भी इलाज जारी
कानपुर के कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्यकेंद्र से आगे बढ़ने पर मां दुर्गा हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पर भी यही हाल मिला। जिसका ओटी और आइसीयू सील करने का दावा 21 मार्च को निरीक्षण के उपरांत स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने किया था, क्योंकि यह बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था। वहां मरीजों का इलाज होता मिला। संचालक अंदर डटे हुए थे। सभी सेवाएं यथावत होने के दावे भी कर रहे थे।
स्वास्थ्य विभाग ने 18 मार्च को किया सील
वहां से आगे बढ़े तो मोहित मेडिकल सेंटर पर नजर पड़ी, जिसे 18 मार्च को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सील किया था। कहने के लिए सील था लेकिन पिछले गेट से संचालित हो रहा था। यहां आक्सीजन सिलेंडर रोड पर ही रखे हुए थे। गेट से लोग आते-जाते भी नजर आ रहे थे। एक व्यक्ति ने बताया कि यहां इलाज और सर्जरी हो रही है। इसी तरह गणेश हास्पिटल भी खुला हुआ था, जबकि उसका भी ओटी सील किया गया था।
