शहर

Kal Ka Mausam : 11 जून से आंधी-बारिश का पूर्वानुमान, 20 राज्यों में गिरेगा तापमान! लू-गर्मी भी करेगी परेशान

कल का मौसम कैसा रहेगा (11 जून 2026) : आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान समूचे उत्तर भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से तेज आंधी-तूफान और बारिश की संभावना व्यक्त की है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की एंट्री के बाद दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज तूफान और बारिश से मौसम बदला रहेगा।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम : देश के अधिकांश राज्यों में मौसम उतार-चढ़ाव के साथ गुजर रहा है। भीषण गर्मी और लू के बीच आसमान पर बादलों की आवाजाही के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटे में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे पहाड़ों पर यानी कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले भागों पर आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर भारत में बनेगा, जिससे हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत धूल भरी आंधी-तूफान के बीच कहीं-कही हल्की तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश से मौसम बदलेगा, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से त्वरित राहत मिलेगी। स्काईमेट ने दक्षिण भारत और पश्चिमी घाट के क्षेत्र में मानसून के सक्रिय होने से भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून की एंट्री से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर तेज है। सुबह से तेज धूप निकलने से शाम तक चिलचिलाती गर्मी परेशान कर रही है। खासकर, मध्य और बुंदेलखंड के जिलों में अधिकतम तापमान पीक पर है, जिससे उमस बेहाल कर रही है। मौसम विभाग ने बुंदेलखंड समेत करीब 15 जिलों में लू का अलर्ट घोषित है। हालांकि, तराई के करीब 35 जिलों में मौसम के बदलने के चांस दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने 11 जून से इन जिलों में आंधी और बादलों की गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में तेज गर्मी के बीच बादलों की आवाजाही से मौसम बदलने के संकेत हैं। बुधवार दिनभर तेज गर्म हवाओं से लू के थपेड़ों का एहसास हुआ। इस दौरान न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और आंधी के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। सीपीसीबी के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 165 के आसपास बना हुआ है। कमोबेश मौसम के यही हाल नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बने रहने की संभावना है।

पूर्वोत्तर में मानसून का असर

पूर्वोत्तर में मानसून का असर तेज होता दिख रहा है। अधिकांश राज्यों में गर्मी के बीच बादलों ने राहत की बारिश जारी रखी है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों बारिश और आंधी की संभावना व्यक्त किया गया है। हालांकि, कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस परेशान करती नजर आएगी।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में मानसून की सक्रियता से अधिकांश राज्यों में मौसमी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान समुद्री क्षेत्र में तेज तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। खासकर, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, लक्ष्यद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और मेघालय से कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश से तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। यही मानसून आगे पश्चिमी घाट के हिस्सों से आगे बढ़कर महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों पर बारिश का कारण बनेगा। यानी इस सप्ताह के अंत तक मौसमी गतिविधियों में और तेजी आएगी, जिससे गर्मी और लू का असर कम होगा।

उत्तराखंड में बारिश

मौसम विभाग ने पहाड़ों पर एक नये वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। 11 जून की रात से उत्तराखंड के कुछ हिस्सों पर तेज आंधी के साथ बादलों की आवाजाही शुरू होगी। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, टिहरी और पौड़ी में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी और तेज बारिश से मौसम बदलेगा। हालांकि, मैदानी भागों पर तापमान बढ़ा रहेगा और लोगों को गर्मी का असर बरकरार रहेगा।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का सिलसिला जारी है। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार से कई जिलों में आंधी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। फिलहाल, पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा से मौसम बदला है, लेकिन पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी से हालत पतली है। आईएमडी के मुताबिक, गंगानगर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। 11 से 14 जून के बीच जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर संभाग में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!