Kal Ka Mausam 7 July 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा: देशभर में मानसून दिन प्रतिदिन सक्रिय होता जा रहा है, जिससे कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश समेत कई क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है। वेदर सिस्टम की बात करें तो उत्तर ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों पर बना अवदाब (डिप्रेशन) अब दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तरी आंतरिक ओडिशा के ऊपर पहुंच गया है।
यह मौसम प्रणाली अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड, उत्तर छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास के इलाकों से गुजरने की संभावना है। इसके प्रभाव से इन क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियां तेज बनी रह सकती हैं। वहीं, मानसूनी ट्रफ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक निचले क्षोभमंडल में सक्रिय है, जबकि 21 डिग्री उत्तरी अक्षांश के आसपास निचले और मध्य क्षोभमंडल के बीच एक शियर जोन भी बना हुआ है। इसके अलावा, समुद्र तल पर दक्षिण गुजरात से उत्तरी केरल तट तक अपतटीय ट्रफ (Offshore Trough) सक्रिय है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के साथ सक्रिय बना हुआ है, जिसका असर आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम पर देखने को मिल सकता है।
मानसून को लेकर क्या है अपडेट?
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल 22° उत्तरी अक्षांश और 60° पूर्वी देशांतर से होते हुए 22° उत्तरी अक्षांश व 65° पूर्वी देशांतर, जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनू, हिसार, भटिंडा और 32.5° उत्तरी अक्षांश व 70° पूर्वी देशांतर तक बनी हुई है। अगले तीन दिनों के दौरान मौसम की परिस्थितियां अनुकूल रहने के कारण मानसून के उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात के अतिरिक्त क्षेत्रों, हरियाणा और पंजाब के बाकी इलाकों तथा राजस्थान के अन्य भागों में आगे बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कल पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह और दोपहर के दौरान राजधानी के कई इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद दोपहर और शाम के समय भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जिसमें कई इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दोनों तापमान सामान्य के आसपास बने रहेंगे। दिनभर दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चलेंगी। सुबह हवा की रफ्तार लगभग 20 किमी प्रति घंटा रहेगी, जो दोपहर में बढ़कर करीब 22 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके बाद शाम और रात के समय हवा की गति फिर घटकर लगभग 20 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में कल मानसून का प्रभाव और अधिक बने रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है। राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भी भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।
बिहार में कल के मौसम का हाल
7 जुलाई को बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। इसके साथ ही राज्य के अलग-अलग इलाकों में भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है, जबकि 7 और 8 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।
राजस्थान में हफ्ते भर रहेगी बारिश जारी
दक्षिण पश्चिम मानसून के असर से राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत अनेक जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बारिश का दौर इस हफ्ते भी जारी रहेगा। इसके अनुसार, सोमवार सुबह तक चौबीस घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा व कहीं-कहीं पर भारी व बारिश हुई। सबसे अधिक 75.0 मिलीमीटर बारिश श्रीमाधोपुर (सीकर) में दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में इस दौरान 40 मिलीमीटर तक बारिश हुई। इसके अलावा उदयपुर, झालावाड़, बारां व सिरोही सहित अनेक जिलों में जोरदार बारिश हुई। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 5-7 दिन मानसून सक्रिय रहने और अधिकांश भागों में बारिश होने की उम्मीद है। राज्य में 9 जुलाई तक दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी, अतिभारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और कल 7 और 8 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।
मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में रेड अलर्ट
बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने के बीच मौसम विभाग ने भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने मुंबई तथा पड़ोसी जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसके कारण मुंबई-पुणे मार्ग पर लंबी दूरी की रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, रायगढ़ जिले में एक खंड पर उपनगरीय रेल सेवाएं निलंबित करनी पड़ीं और सड़क पर जलभराव से यातायात भी धीमा पड़ गया। IMD ने मौसम की स्थिति में बदलाव के बाद चेतावनी को ऑरेंज से रेड अलर्ट में बदल दिया। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रुक-रुक कर तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान भी जताया गया है।
