शहर

31 जनवरी से बादल गिराएंगे झमाझम पानी, आंधी-बिजली गिरने की बड़ी चेतावनी; फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंडी

मौसम के लिहाज से अगले 3 दिन फिर से भारी रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 31 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों के साथ मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तक बारिश की संभावना बन रही है। आईएमडी ने शुक्रवार की शाम से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ ऊंचे स्थानों पर झमाझम बारिश और बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान अधिकांश राज्यों में कोहरा छाया नजर आएगा।

Image

कल का मौसम

अगले 24 घंटे के अंदर उत्तर भारत और पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) एक्टिव होने वाले हैं, जिसका असर अगले 3 दिन तक रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 30 जनवरी की रात से 2 फरवरी तक लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी, ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। समूचे घाटी में शीतलहर और कोहरे की स्थिति रहेगी, जिससे न्यूनतम तापमान माइनस पर बना रहेगा। आईएमडी ने 31 जनवरी की शाम से मैदानी राज्यों में मौसम करवट के करवट लेने से बादलों की आवाजाही शुरू होने की बात कही है। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार से सोमवार तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कोहरे और शीतलहर की स्थिति रहने से सर्दी का एहसास बढ़ेगा। स्काईमेट के मुताबिक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का अनुमान है।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के इलाकों में शनिवार से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली कड़कने के साथ मध्यम से तेज बारिश मौसम को बदल सकती है। लगातार 2 फरवरी तक जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, शेखावटी, बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा भी परेशान करता नजर आएगा। अगले 3 दिनों तक माउंट आबू में 4 डिग्री, सिरोही में 4.5 डिग्री, अलवर में 5 डिग्री, गंगानगर में 6 डिग्री और फतेहपुर में 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। कई इलाकों में पाला गिरने से गलन वाली सर्दी का एहसास होगा।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
हरियाणा7°C20°C
पंजाब6°C19°C
दिल्ली7°C19°C
राजस्थान8°C20°C
मध्य प्रदेश10°C23°C
उत्तर प्रदेश8°C20°C
बिहार10°C23°C
झारखंड11°C24°C
हिमाचल2°C12°C
उत्तराखंड5°C15°C
कश्मीर-4°C5°C

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि और बारिश के बाद अगले 24 घंटे मौसम साफ रहेगा। लेकिन 31 जनवरी से एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ सकता है, जिसके कारण फिर से काले बादलों का डेरा रहेगा और अधिकांश हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। आईएमडी के मुताबिक, ये सिलसिला अगले 3 दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कमोबेश ऐसा ही मौसम नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में रह सकता है। मौसम साफ होने के बाद फिर से हवा की क्वालिटी बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। सीपीसीबी के आंकडों के मुताबिक, सबसे खराब एक्यूआई 320 के आसपास बना हुआ है।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में एक फरवरी से एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके प्रभाव से 3 फरवरी तक राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और पूर्वी व पश्चिमी हिस्सों में बारिश से मौसम बिगड़ेगा। इस दौरान सर्द हवाएं चलेंगी और सुबह घना कोहरा भी दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से सर्दी का एहसास बढ़ेगा।

बिहार में मौसम कैसा है

बिहार के पटना, बेतिया, बगहा, मधुबनी, सीतामढी, शिवहर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ घंटों तक तेज हवाएं और ठनका गिरने की संभावना है। अगले 2 दिन तक मौसमी गतिविधियां होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और सर्दी से लोग परेशानी झेलेंगे। अधिकांश जिलों में कोहरा भी छाया रहेगा।

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में अगले 48 घंटों के दौरान एक बारिश से पश्चिमी विक्षोभ के आने से उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और देहरादून समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में तेज बर्फबारी से जमीन सफेद नजर आएगी। इस मौसम का असर मैदानी इलाकों पर भी दिखाई देगा।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 1 फरवरी से बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ आकाशीय बिजली कड़कने का अंदेशा है। आईएमडी ने लगातार 2 फरवरी तक ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम कैसा है

जम्मू-कश्मीर में चिल्ला-ए-कला की अवधि 30 जनवरी से समाप्त हो रही है। 40 दिन तक चलने वाले इस दौर के बाद अब 20 दिन के चिल्ला-ए-खुर्द की शुरुआत हो गई है, जिसके प्रभाव से कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी। फिर इसके बाद चिल्ला-ए-बच्चा की दस्तक होगी। मौसम विभाग का मानना है कि रविवार से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस राज्य के अधिकांश हिस्सों को प्रभावित करेगा, जिसके कारण बारिश और बर्फबारी दर्ज की जाएगी। यह बारिश-बर्फबारी का सिलसिला 2 फरवरी तक बना रहेगा। फिलहाल, श्रीनगर समेत कई पहलगाम, कुलगाम, सोनमर्ग, गुलमर्ग, कांजीकुंड और कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री से लेकर माइनस 12 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article