शहर

30, 31 जनवरी को बादल बरसेंगे झमाझम पानी, आंधी-बर्फबारी से बढ़ेगी सर्दी; IMD का अलर्ट जारी

Aaj Ka Mausam, 30 January 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : हिमालयी क्षेत्रों में एक बार फिर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण 30 जनवरी से 2 फरवरी तक फिर से मौसम बदलेगा और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश व बर्फबारी की गतिविधियां होंगी। आईएमडी ने 31 जनवरी से एक बार फिर से उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरने के साथ घना कोहरा छाया नजर आएगा।

Image

कल का मौसम

Aaj Ka Mausam (आज का मौसम) : अगर आप ये सोच रहें हैं कि अब कड़ाके की सर्दी से राहत मिल गई है तो ऐसा नहीं है। पिछले कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव और आंधी बारिश के बाद ठंड के बढ़ने के संकेत हैं। उत्तर भारत में अगले 2 दिन में फिर से मौसम करवट लेगा और झमाझम बारिश दर्ज होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 31 से 1 फरवरी तक उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली में आंधी, मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्य बारिश होगी। कई राज्यों में ये सिलसिला 2 फरवरी तक बना रहेगा। अगले 72 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट की संभावना है। आईएमडी ने बताया की 30 जनवरी से हिमालयी क्षेत्र में वेस्टर्न डिस्टर्बेस के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई स्थानों पर बर्फबारी और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति रहेगी। स्काईमेट ने बताया कि दक्षिण में भी मौसमी तंत्र के एक्टिव रहने से अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तेज बारिश का अनुमान है।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि के बाद कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। कई जिलों में सुबह घना से अति घना कोहरा छाया नजर आया, जिससे यातायात पर बुरा प्रभान रहा। हालांकि, अगले 24 घंटे बारिश की लेकर कोई संभावना नहीं है, लेकिन कोहरा और शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गलन वाली सर्दी महसूस हो रही है। तापमान गिरने के कारण कोल्ड डे जैसी स्थिति है। इस दौरान फतेहपुर में 4 डिग्री, पाली में 4 डिग्री, सिरोही में 4.5 डिग्री, सीकर में 6 डिग्री और माउंट आबू में 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 31 से 1 फरवरी तक राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों में मेघ गर्जन के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
मुंबई21°C28°C
दिल्ली7°C19°C
चंडीगढ़7°C19°C
जयपुर8°C20°C
भोपाल11°C21°C
कानपुर10°C20°C
पटना12°C21°C
चेन्नई21°C26°C
शिमला0°C10°C
देहरादून5°C16°C
कश्मीर-4°C4°C

यूपी में मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 2 फरवरी तक लगातार रुक-रुककर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी यूपी तक बारिश का अलर्ट है।

बिहार में मौसम

बिहार के मौसम में मामूली उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक, राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही जारी है। अगले 24 घंटे के दौरान पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और भोजपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। उधर, पश्चिमी चंपारण और वाल्मिकि नगर में हल्की बारिश से मौसम बदला हुआ है। आईएमडी ने बताया कि गया समेत अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाए रहने और सर्द हवाएं चलने से सर्दी बढ़ने के आसार हैं।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में अगले 48 घंटों में मौसम बदल सकता है। आईएमडी की मानें तो 30 और 31 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कई जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। करीब 4 फरवरी तक मौसम में बदलाव रहने की संभावना है, जिससे सर्दी का सितम जारी रहेगा। इस दौरान अधिकांश जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और सुबह घना से अति घना कोहरा भी परेशानी बढ़ाएगा। कमोबेश ऐसी ही मौसम पंजाब के अधिकांश जिलों में रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

पहाड़ों पर 30 जनवरी से एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से अगले 100 घंटों तक राज्य के कई जिलों में बारिश एवं बर्फबारी दर्ज की जाएगी। आईएमडी का अनुमान है कि 30 जनवरी की शाम से 2 फरवरी तक पहाड़ी इलाकों और मैदानी इलाकों में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान लाहौल स्पीति, कुकुमसेरी, केलांग, कुफरी, शिमला, बिलासपुर और सोलन में बारिश हो सकती है। अधिकांश जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है।

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने बताया कि उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का क्रम फिर से शुरू हो सकता है। पिछले कुछ घंटों के दौरान हुईं मौसमी गतिविधियों के कारण न्यूनतम तापमान काफी कम है, जिससे सिहरन वाली सर्दी महसूस हो रही है। शनिवार से एक बार फिर से मौसम के करवट लेते ही पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर समेत कई ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होगी। वहीं, केदारनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री समेत अधिकांश हिस्से बर्फ से ढके रहेंगे। इस दौरान देहरादून, हरिद्वार समेत कई जिलों में शीतलहर और कोहरे की चादर छाई रहेगी। उधर, कश्मीर में पिछले दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के कारण घाटी समेत कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article